
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने आज यहां कहा कि मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में आरम्भ किया गया ‘जनमंच’ अपने आप में एक अनूठा कार्यक्रम है, जो आम जन मानस से सीधा संवाद करने का माध्यम बना है और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान उनके घर-द्वार पर संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रदेश की राजधानी शिमला या सम्बन्धित जिला मुख्यालयों के बार-बार चक्कर कटने पड़ते थे जिससे अब छुटकारा मिला है और साथ ही उनके धन और समय में भी बचत संभव हो सकी है।
गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में ‘जनमंच’ को प्रदेश की जनता का अपार समर्थन प्राप्त हो रहा है। कार्यक्रम में लोगों की भारी संख्या में उपस्थिति जनमंच की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि हर माह होने वाले जनमंच के प्रति मुख्यमन्त्री अति संवेदनशील हैं और वे इसकी निगरानी स्वयं करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दिन मुख्यमंत्री स्वयं इसकी फीडवैक लेते हैं और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उचित दिशा-निर्देश देते हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की लोकप्रियता से सरकार के प्रयासों की सफलता दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सदप्रयासों से यह कार्यक्रम दूसरे राज्यों के लिए प्रेरक प्रसंग बन गया है और कई प्रदेश इस प्रकार के कार्यक्रम अपने राज्यों में आरम्भ करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।
