अध्यक्ष हिमफैड गणेश दत्त ने मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर का निदेशक मण्डल गठित करने के लिए धन्यवाद किया
जनवक्ता ब्यूरो शिमला
हिमफैड की कार्यप्रणाली और गतिविधियों में गुणवता लाई जाएगी जिससे कि प्रदेश के किसानों और बागवानों को समय पर उचित गुणवता के उर्वरक एवं अन्य सामग्री बाजार से कम दामों पर उपलब्ध करवाई जा सके। यह बात अध्यक्ष हिमफैड गणेश दत्त ने हिमफैड निदेशक मंडल की प्रथम बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस बैठक में प्रदेश भर से निर्वाचित और मनोनीत सदस्यों ने भाग लिया। गणेश दत्त ने मुख्यमन्त्री जयराम ठाकुर का निदेशक मण्डल गठित करने के लिए धन्यवाद किया और कहा कि बागवानों के फल और अन्य उत्पादनों के भण्डारण के लिए जिला शिमला, कुल्लू और सोलन में उचित स्थानों पर सीए कोल्ड स्टोर स्थापित करने के लिए सरकार एवं सरकारी संस्थाओं से बातचीत की जाएगी।इसके अलावा प्रदेश के किसानों और हिमफैड के कर्मचारियों के हित में भी अनेक निर्णय निदेशक मण्डल की बैठक में लिए गए। निदेशक मण्डल की बैठक में राकेश ठाकुर को सर्वसम्मति से हिमफैड का उपाध्यक्ष चुना गया। हिमफैड की विभिन्न समीतियों के गठन का अधिकार अध्यक्ष गणेश दत्त को दिया गया जिनका गठन शीघ्र ही कर दिया जाएगा।

