• Tue. Feb 3rd, 2026

ब्यास नदी पर पुल बनाकर किया जाएगा भुन्तर हवाई अड्डे का विस्तार – गोविन्द सिंह ठाकुर

Byjanadmin

Nov 17, 2018


जनवक्ता ब्यूरो भुन्तर
वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मन्त्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार हिमाचल के विकास के लिए निरन्तर सहायता प्रदान कर रही है, उन्होंने कहा कि हाल ही में केन्द्रीय मन्त्री नितिन गडकरी के समक्ष भुन्तर हवाई अड्डे के विस्तार, ब्यास नदी तथा साथ लगते नदी- नालों की तटबन्धी तथा कुल्लू मनाली बाम तट सड़क को डबल लेन करने का मुद्दा श्री गडकरी जी के सन्मुख रखा गया था जिस पर श्री गडकरी जी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रदेश की इस तीनो मांगो पर विचार करने का आश्वासन दिया था।
गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि 26 अक्टूबर को माननीय केन्द्रीय मन्त्री गडकरी ने भुन्तर हवाई अड्डे के विस्तार के लिए सर्वेक्षण तथा विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के लिए केन्द्र सरकार के उपक्रम वाप्कोस लिमिटेड को समुचित कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए हैं तथा वाप्कोस लिमिटेड के अधिकारी जिला प्रशासन कुल्लू तथा हिमाचल सरकार के उच्च अधिकारीयों के साथ इसी माह भुन्तर एअरपोर्ट का दौरा कर अपनी कार्रवाई प्रारम्भ कर रहे है तथा जल्द ही अपनी रिपोर्ट सरकार के समक्ष रखेंगे। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि केन्द्रीय मन्त्री ने भुन्तर हवाई अड्डे के विस्तार पर होने वाले व्यय को भी सैन्धन्तिक मंजूरी प्रदान कर दी है तथा जैसे ही इसके सर्वेक्षण और परियोजना रिपोर्ट का कार्य पूर्ण हो जाएगा तोअगले चरण में निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिया जाएगा ।
वन मन्त्री ने कहा कि इसके अतिरिक्त गडकरी ने मनाली से ओट तक ब्यास नदी तथा इसके साथ लगते नदी- नालों के तटीकरण के विस्तृत सर्वेक्षण तथा समुचित धन उपलब्ध करवाने की भी मंजूरी प्रदान कर दी है जिससे कुल्लू- तथा मंडी घाटी में ब्यास नदी में आने वाली भयंकर बाढ़ का भय सदा के लिए समाप्त हो जाएगा तथा साथ ही पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि इसके अतिरिक्त गडकरी ने कुल्लू से मनाली तक बाम तट सड़क को डबल लेन करने की भी मंजूरी प्रदान की है, इन तीनों परियोजनाओं से न केवल कुल्लू घाटी का विकास होगा अपितु प्रदेश पर्यटन की दृष्टी से विश्व मानचित्र में अपना विशिष्ट स्थान बनाएगा।
गोविन्द सिंह ठाकुर ने पिछली कांग्रेस सरकार को कोसते हुए कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल में प्रदेश में कोई भी बड़ी योजना नहीं ला पाई जबकि प्रदेश की जयराम सरकार ने माननीय मुख्यमन्त्री जी के नेतृत्व में अनेकों विकासात्मक योजनाओं को प्रदेश में लाया है तथा आज विपक्ष में रहकर कांग्रेस के नेता केन्द्र द्वारा स्वीकृत विभिन्न परियोजनाओं पर कई प्रकार के अनाप- शनाप ब्यान देकर भ्रांतियां फैला रही है। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में इस प्रकार की बड़ी बड़ी योजनाओं को लाया जाएगा और तय समय के भीतर इन्हें मूर्त रूप प्रदान किया जाएगा जिसके लिए प्रदेश सरकार परियोजनाओं की मोनिटरिंग सख्ती से कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *