• Fri. May 8th, 2026

जीवन में आगे बढने के लिए लक्ष्य करें निर्धारित : राजेन्द्र गर्ग

Byjanadmin

Dec 18, 2018


जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
प्रतिस्पर्धा के युग में विद्यार्थी लक्ष्य निर्धारित कर कडी मेहनत करें ताकि निर्धारित समय मे लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके यह बात घुमारवी विधान सभा क्षेत्र के विधायक राजेन्द्र गर्ग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डंगार के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होनें कहा कि प्रदेश सरकार स्कूलों में बच्चों को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए आधारभूत ढांचा उपलब्ध करवा रही है। उन्होनें कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण स्तर पर बच्चों को गुणात्मक शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक विधान सभा क्षेत्रों में एक-एक अटल आर्दश विद्यालय स्थापित किया जा रहा है जिसका शुभारम्भ अभी हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा झण्डुता विधान सभा क्षेत्र से किया गया है। उन्होनें कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अखंड शिक्षा ज्योति मेरे स्कूल से निकले मोती योजना शुरू की गई है इस योजना के तहत स्कूलो में उन होनहार पुराने विद्यार्थियों के नाम अंकित किए जाएंगें जिन्होेनें स्कूल का नाम रोशन किया है ताकि वर्तमान में स्कूलों में पढने वाले विद्यार्थी पुराने विद्यार्थियों से प्रेरित होकर आगे बढने के लिए प्रयास कर सके।
उन्होनें अध्यापकों से आहवान करते हुए कहा कि वह पूरी लग्न व कर्तव्य निष्ठा के साथ बच्चों को बेहतरीन शिक्षा उपलब्ध करवाएं। उन्होनें विद्यार्थियों से कहा कि वह जीवन में आगे बढने के लिए लक्ष्य निर्धारित करें तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए अभी से ही कडी मेहनत करना शुरू कर दें। उन्होनें अभिभावकों से आग्रह किया कि वर्तमान समय में नशा एक गंभीर समस्या बन गई है जो कि समाज में तेज़ी से फैल रही है इसलिए समय की जरूरत है कि युवाओं की सही प्रकार से मार्ग दर्शन किया जाए और उनकी दिनचर्या पर नज़र रखी जाए ताकि युवा पीढ़ी को इस लत से बचाया जा सके।
उन्होनें वार्षिक विभिन्न गतिविधियों में विजेता रहे विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होनें कहा कि जो बच्चे पुरस्कार लेने से वंचित रहें है वह पुरस्कार विजेता बच्चों से प्रेरणा लेकर अभी से ही कडी मेहनत के लिए जुट जाएं। उन्होेनें विभिन्न वार्षिक गतिविधियों में विजेता रहे उत्कृष्ठ विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होने सांस्कृतिक गतिविधियों को बढावा देने के लिए अपनी एच्छिक निधि से दस हजार रूपये देने की घोषणा की।
स्कूल प्रधानाचार्य राजेश शर्मा ने मुख्यातिथि तथा अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक गतिविधियों की रिर्पोट पढी।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारगं सास्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर महामंत्री सुरेश ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान राजो देवी, उप प्रधान होशियार सिंह, स्कूल प्रबन्धन समिति के प्रधान मनोज कुमार के अतिरिक्त अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *