• Sat. May 9th, 2026

मुख्यमंत्री ने की मिनी मैराथन के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता

Byjanadmin

Jan 6, 2019


जनवक्ता ब्यूरो शिमला
हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड द्वारा आज यहां आयोजित मिनी मैराथन के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सचिवालय में कार्यरत अधिकारी व कर्मचारी राज्य सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने उनके जन्मदिवस के अवसर पर सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मैराथन आयोजित करने के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां न केवल कर्मचारियों को अपनी दैनिक गतिविधियों से विश्राम प्रदान करने में सहायक सिद्ध होती है, बल्कि नशामुक्त समाज और कन्या सशक्तिकरण के लिए एक सन्देश प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि नशा हमारे समाज के लिए एक सबसे बड़ी चुनौती बन कर उभरा है तथा इस सामाजिक बुराई से निपटने के लिए सामुहिक प्रयास करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने सचिवालय परिसर में कैदियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाए गए सामान को बेचने के लिए सेल कांउटर का शुभारम्भ किया। उन्होंने इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के ‘ट्विन पिट टॉयलेट’ (दो गड्डों वाले शौचालय) का भी शुभारम्भ किया। जय राम ठाकुर ने मैराथन के विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। पुरूषों की 50 से ऊपर के वर्ग में ललित विक्रम प्रथम, प्रेम सागर द्वितीय और संसार चन्द ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में पुष्पलता सिंघा प्रथम, बीना गुप्ता द्वितीय और लीला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरूषों के 35 वर्ष से कम के वर्ग में नरेश विजेता रहे, जबकि कल्याण ने द्वितीय और मनोज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिलाओं के 35 वर्ष से कम के वर्ग में चम्पा ने प्रथम, मंजू ने द्वितीय और प्रिति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 36 से 50 वर्ष के पुरूष वर्ग में वेद प्रकाश ने प्रथम, भूपेन्द्र ने द्वितीय और कमलेश ने तृतीय स्थान हासिल किया जबकि इसी आयु वर्ग की महिलाओं में नीना प्रथम, दीप शिखा द्वितीय और प्रोमिल ने तृतीय स्थान हासिल किया। इस अवसर पर संघ द्वारा मुख्यमंत्री को एक बल्ला भेंट किया गया। सचिव सामान्य प्रशासन डॉ. आर.एन. बत्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री की पहल पर ही इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने सचिवालय के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की तरफ से मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बोर्ड द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। हिमाचल प्रदेश सचिवालय तृतीय श्रेणी कर्मचारी संघ के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने मुख्यमंत्री और अन्य उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर, हिमाचल प्रदेश राज्य को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष खुशी राम बालनाहटा, विधायक हीरा लाल, पुलिस महानिदेशक जेल सोमेश गोयल अन्य गणमान्य व्यक्तियों सहित इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *