• Sun. May 10th, 2026

राजभवन में ‘ऐट होम’ का आयोजन

Byjanadmin

Jan 28, 2019


जनवक्ता ब्यूरो, शिमला
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज यहां राजभवन में ‘ऐट होम’ का आयोजन किया। लेडी गवर्नर दर्शना देवी, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर तथा उनकी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर भी इस अवसर पर उपस्थित थीं।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि गणतंत्र दिवस देश व प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दर्शाने का अवसर है। उन्होंने राज्य में सुसंस्कृत माहौल बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों तथा क्रांतिकारियों ने हमें यह अवसर प्रदान किया है, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हमारी समृद्ध परम्पराओं के संरक्षण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम देश के उन स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सिपाहियों के ऋणी हैं, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और समर्पण की भावना से देश की सेवा करना हम सबका दायित्व है।
उन्होंने राज्य तथा देश के विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया और कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का कोई न कोई उद्देश्य है और हमें एक शांतिपूर्ण एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योगदान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें देश व समाज की बेहतरी के लिए अपना जीवन समर्पित करने की शपथ लेनी चाहिए।
इससे पूर्व राजभवन के दरबार हॉल में जगत वर्मा ने राष्ट्रभक्ति के गीतों का गायन किया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने उन्हें सम्मानित किया।
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकान्त, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, कृषि मंत्री डॉ. राम लाल मारकण्डा, विधायकगण, आरट्रेक के चीफ ऑफ स्टाफ, लैफ्टिनेंट जनरल जी.एस. सांघा, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, पुलिस महानिदेशक एस.आर. मरड़ी, ट्रिब्यूनल के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, विभिन्न बोर्डों व निगमों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.सी. शर्मा, स्वतंत्रता सेनानी, शहर के गणमान्य व्यक्ति, वरिष्ठ प्रशासनिक पुलिस व सेना के अधिकारी व अन्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *