सरकार ने किया अलर्ट जारी
कुल्लू, मंडी और चंबा जिला प्रशासन ने 17 फरवरी तक स्कूलों में छुट्टियां
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
सरकार ने अलर्ट जारी किया है कि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हिमखंड गिरने का खतरा है। अलर्ट को देखते हुए कुल्लू, मंडी और चंबा जिला प्रशासन ने 17 फरवरी तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी हैं। जिला प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए 11 और 12 फरवरी की छुट्टी घोषित की थी। प्रदेश में मंगलवार तक 307 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं। कई क्षेत्रों का संपर्क पांच दिनों से कटा है। बुधवार को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। कुल्लू जिले के कई इलाकों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं ठप हैं। चंबा जिले में बर्फबारी के बाद से लेकर अब तक करीब 50 संपर्क मार्ग और करीब 840 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए हैं। भरमौर और पांगी के लिए आमजन के लिए हवाई सेवा शुरू नहीं हो पाई है। मंगलवार दोपहर बाद मौसम बदलने से रोहतांग दर्रा के अलावा लाहौल और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहे हालांकि हल्की धूप भी खिली। 14 फरवरी को प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि होने की चेतावनी है। प्रदेश में 18 फरवरी तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।

