
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि देश की जनता ने मन बना लिया है कि राष्ट्र की बागडोर एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथ में सौंपी जाए, ताकि आगामी पांच वर्षों में भारत दुनिया का सर्वाधिक शक्तिशाली राष्ट्र बन कर उभर सके।
आज यहां जारी प्रेस वक्तव्य में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विगत पांच वर्षों में देश में सभी क्षेत्रों में व्यापक प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में मई, 2014 में देश की बागडोर संभालते ही एक नए भारत का उदय हुआ। उन्होंने कहो कि केन्द्र सरकार द्वारा गत पाचं वर्षों में सामाजिक व आर्थिक उत्थान की दिशा में जो कार्य किए गए, उनसे न केवल नए भारत का निर्माण हुआ बल्कि विश्व भर में देश की प्रतिष्ठा बढ़ी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा विगत पांच वर्षों के दौरान विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ की गई, जिसे समाज का प्रत्येक वर्ग लाभान्वित हुआ है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि देश में पहली बार महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना आरम्भ की गई, जिसके तहत देश के 50 करोड़ लोगों को मुफ्त ईलाज की सुविधा संभव हो पाई है। इस योजना के अंतर्गत प्रति वर्ष पात्र परिवारों को प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का मुफ्त ईलाज। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार सामान्य वर्ग के लोगों को आर्थिक आधार पर 10 प्रतिशत आरक्षण देने का अभूतपूर्व फैसला लिया गया है जिससे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का उत्थान होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में गृहिणियों को चूल्हे के धुएं से निजात दिलाने के लिए महत्वाकांक्षी उज्ज्चला योजना आरम्भ की गई है जिसके तहत पात्र परिवारों को गैस 6-95 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। उन्होंने कहा कि देश में छोटे किसानों को राहत प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आरम्भ की गई है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक पात्र किसान के बैंक खाते में सीधे 6000 रुपये वार्षिक की राशि उपलब्ध करवाने का निर्णय लिया गया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अन्तर्गत छोटे उद्यमियों को 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 तक सभी लोगों को आवासीय सुविधा प्रदान करने की प्रतिबद्धता के अनुरूप प्रधानमंत्री आवास योजना आरम्भ की गई है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत देशभर में 1-53 करोड़ घर निर्मित किए गए हैं।
मुख्य मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा जारी संकल्प पत्र में समाज के सभी वर्गों तथा देश के सभी क्षेत्रों के विकास की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि आगामी पांच वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने पर 25 लाख करोड़ रुपये व्यय करने का निर्णय लिया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जहां रोजगार की व्यापक सम्भावना उपलब्ध होगी वहीं ग्रामीण आर्थिकी को भी बल मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल विकास की इस निरन्तर बह रही धारा को रोकने का प्रयास करने के लिए तथाकथित महागठबंधन बनाने का प्रयास कर रहे हैं, परन्तु उनके मनसूबे पूरे नहीं होने वाले हैं, क्योंकि देशवासी जान चुके हैं कि राष्ट्र नरेन्द्र मोदी के हाथों सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भी ठान लिया है कि इस बार भी वे चारों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को विजयी बनाकर नरेन्द्र मोदी के हाथ मजबूत करेंगे।
