• Sun. Feb 1st, 2026

मुख्यमंत्री ने दुबई में हिमाचली समुदाय को किया संबोधित

Byjanadmin

Jun 25, 2019

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विकास में सहयोग देने का किया आहवान

जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने गत् सायं संयुक्त अरब अमीरात (यू.ए.ई) की यात्रा के दौरान दुबई में हिमाचली समुदाय के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी कड़ी मेहनत और ईमानदार स्वभाव के कारण हिमाचल के लोगों ने दुनिया के प्रत्येक कौने में अपनी विशेष पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचली प्रवासियों का संयुक्त अरब अमीरात के विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है। हिमाचल के लोगों ने न केवल व्यावसायिक दुनिया में अपनी जगह बनाई है अपितु चिकित्सा और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों में भी बड़ा योगदान दिया है। जय राम ठाकुर ने यू.ए.ई में रह रहे हिमाचलियों से हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए आगे आकर योगदान देने का आग्रह किया है। दुबई में भारत के महावाणिज्य दूत विपुल ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और दुबई के विकास में हिमाचलियों के योगदान पर प्रकाश डाला। द इंडिया क्लब, जहां पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, वर्ष 1964 में खोला गया था। उद्योग मंत्री ब्रिकम सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव व मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव पर्यटन राम सुभग सिंह, निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा, विशेष सचिव अबीद हुसैन सादिक, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह, सी.आई.आई हिमाचल प्रदेश के प्रतिनिधि भी अन्य सहित इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *