ऋषिकेश:दुनियाभर में आस्था का सबसे बड़ा महापर्व कुंभ का चंद दिनों बाद आगाज होने वाला है, लेकिन अभी तक कुंभ मेला प्रशासन की ओर से यमकेश्वर ब्लॉक के स्वर्गाश्रम क्षेत्र के लिए विकास कार्य से संबंधित करीब 3 करोड़ रुपए के प्रस्ताव पर एक फूटी कौड़ी तक जारी नहीं की गई है।
लिहाजा, कुंभ क्षेत्र में आने वाले इस इलाके में बजट न होने से श्रद्धालु ही नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों को भी दिक्कतें पेश आ सकती हैं। नगरपंचायत स्वर्गाश्रम के मुताबिक प्रस्ताव को लेकर लगातार मेला प्रशासन के आला अधिकारियों से पत्राचार किया जा रहा है। बावजूद अभी तक कोई भी धनराशि निकाय को नहीं मिली है। हालांकि, अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही मेला प्रशासन की ओर से कुछ न कुछ धनराशि जरूर मिलेगी। वहीं, नगरपंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल ने सरकार और मेला प्रशासन से अतिशीघ्र मेले से संबंधित विकास व अन्य निकाय से जुड़े कार्यों के लिए भेजे गए प्रस्ताव को मंजूर करने की मांग की है। उनका कहना है कि धनराशि मिलने के बाद ही श्रद्धालुओं के लिए क्षेत्र में मुकम्मल व्यवस्थाएं की जा सकेंगी। बताया कि नगर पंचायत स्तर पर जो भी इंतजामात हो सकते हैं। वह श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर किए जा रहे हैं।
