• Wed. Feb 4th, 2026

लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट खुले, कल घांघरिया के लिए रवाना होंगे पंज प्यारे

ByJanwaqta Live

May 23, 2025

चमोली,। कृष्ण एकादशी के पावन मौके पर लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट आज विधि विधान के साथ दोपहर में 2 बजकर 15 मिनट पर खोल दिए गए। इसके साथ ही अब चार माह तक श्रद्धालु भगवान लक्ष्मण के दर्शन यहां कर सकेंगे। मंदिर के मुख्य पुजारी भगवती प्रसाद पांडे ने बताया कि इस अवसर पर पुलना गांव के स्थानीय लोगों ने पवित्र हिम सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर लोकपाल लक्ष्मण के दर्शन कर क्षेत्र के सुख समृद्धि की मनोकामना की।
हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। गोविंदघाट से पंज प्यारों की अगुवाई में सिख श्रद्धालु कल घांघरिया के लिए रवाना होंगे। शुक्रवार को 500 से अधिक श्रद्धालु घांघरिया पहुंच चुके हैं। वहीं ऋषिकेश से पंज प्यारों की अगुवाई में सिख श्रद्धालुओं का जत्था भी गोविंदघाट पहुंच गया है। शनिवार को गोविंदघाट गुरुद्वारे में अरदास के बाद पंज प्यारे हेमकुंड साहिब के लिए रवाना होंगे। घांघरिया में रात्रि प्रवास करने के बाद अगले दिन रविवार को पंज प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालु हेमकुंड के लिए रवाना होंगे और निर्धारित समय पर विधि विधान के साथ हेमकुंड साहिब के कपाट खोल दिए जाएंगे। गुरुद्वारे के प्रबंधक सेवा सिंह ने बताया कि शनिवार को पंज प्यारे गोविंदघाट गुरुद्वारे से घांघरिया के लिए रवाना होंगे और रात्रि प्रवास के बाद अगले दिन हेमकुंड साहिब पहुंचेंगे। हेमकुंड साहिब आने वाले श्रद्धालुओं में 500 से अधिक घांघरिया पहुंच चुके हैं। ज्योतिर्मठ और गोविंदघाट में भी यात्रियों के आने का सिलसिला बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *