नैनीताल,। जिले के पाइंस क्षेत्र में राजस्थान के पर्यटकों का वाहन गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो पर्यटक और एक स्थानीय निवासी घायल हो गया। जिन्हे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अन्य दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार डांगियावास जोधपुर राजस्थान निवासी 24 वर्षीय अरविंद सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह अपने दोस्त युवराज सिंह पुत्र भरत सिंह उम्र 20 साल के साथ घूमने के लिए कैंची धाम आ रहे थे। सुबह हल्द्वानी पहुंचने के बाद उन्होंने हल्द्वानी निवासी दोस्त राहुल कुमार को भी साथ ले लिया। तीनों ने सुबह कैंची धाम और उसके बाद घोड़ाखाल मंदिर में दर्शन किये। राहुल की नैनीताल में डेढ़ बजे से इंटरनल परीक्षा थी। इस कारण तीनों तेजी से नैनीताल को आ रहे थे। पाइंस श्मशान घाट के समीप उन्होंने बैंड काटा ही था कि अचानक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसा होता देख क्षेत्र में दुकान संचालक और वाहन चालकों ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ के साथ ही वाहन चालकों ने खाई में उतर तीनों को वाहन से बाहर निकाला। गहरी खाई से कड़ी मशक्कत कर रेस्क्यू टीम ने तीनों को सड़क तक पहुंचाया। जहां से बीडी पांडे अस्पताल में चिकित्सकों ने राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो चोटिलों को उपचार दिया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मृतक का पता और स्वजनों की जानकारी जुटा रही है।
पर्यटकों का वाहन खाई में गिरा, एक की मौत, दो लोग गंभीर रूप से घायल
