• Sat. May 16th, 2026

पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने दो पक्षांे में मारपीट के मामले को सुलझाया

ByJanwaqta Live

May 15, 2026

मसूरी,। विगत दिवस दो पक्षों में आपस में मारपीट हो गयी थी जिस पर दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी थी वहीं बाल्मीकि समाज ने निर्णय लिया था कि जब तक आरोपी को पकड़ नहीं लिया जाता तब तक नगर पालिका परिषद के पर्यावरण मित्र सफाई का कार्य नहीं करेंगे। जिस पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने दोनों पक्षों को आवास पर बुलाया व वहां पर विस्तार से बातचीत की गयी व अंत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से माफी मांगने के बाद लिखित समझौता कर लिया। इस मौके पर पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी ने कहा कि दो युवकों के बीच मामूली कहासुनी के बाद मारपीट हुई, जिस पर शरारती तत्वों ने शहर का माहौल खराब करने के लिए इस मामले को बढ़ावा दिया।
जिस पर बाल्मीकि उत्थान सभा के अध्यक्ष निरंजन लाल सहित बाल्मीकि समाज व दूसरे पक्ष के लोगों के साथ बातचीत की गयी व आपस में समझौता कर दिया गया। उन्होंने कहा कि यह दो समुदायों का मामला नहीं था, जिसे बेमतलब के समुदाय का बना कर तूल दिया गया जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह शहर के लिए अच्छी बात नही है, मसूरी शहर किसी जाति धर्म का नहीं है सभी मिलकर रहते हैं, शहर के नागरिक समझदार है। उन्होंने कहा कि बाल्मीकि समाज पालिका की रीढ है, अगर वह कार्य नहीं करेगें तो शहर की दशा खराब होगी जिसका संदेश गलत जायेगा। इस मौके पर बाल्मीकि उत्थान सभा के अध्यक्ष निरंजन लाल ने कहा कि जब समाज की बात आती है तो जोश आता है, इसमें कोई भी समाज का हो। उन्होंने कहाकि शहर की व्यवस्था बिगाडने की कोशिश की गयी। इस घटना में जो हुआ जब सुनवाई नहीं हुई तो समाज में आक्रोश बढा व  माहौल खराब हुआ। पुलिस ने भी सहयोग नहीं किया। अब आपस में बातचीत के बाद समझौता हो गया है, हमारे समाज का हो या किसी समाज का हो यह शहर हित में नहीं है। समझौतें के बाद पर्यावरण मित्र काम पर लौट आये व शहर में सफाई व्यवस्था को सुचारू किया। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, पालिका सभासद अमित भटट, सचिन गुहेर, रणवीर सिंह कंडारी, शिवानी भारती, गौरव गुप्ता, मेघ सिंह कंडारी, राजेंद्र, गुरचरन, जयपाल कैरवाण, सुरेंद्र रावत, नवीन शाह, सोमपाल, आरोपी रितिक बिष्ट व आर्तिक सहित दोनो पक्षों के लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *