• Mon. Jul 27th, 2026

भारत शिक्षा रत्न से सम्मानित हुए प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल

ByJanwaqta Live

Jul 10, 2026

मसूरी,। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 सीए 1 के गवर्नर लायन आदित्य गुप्ता के एक दिन एक एक्टिविटी सेवा अभियान के अंतर्गत शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षाविदों का सम्मान किया जा रहा है। इसी क्रम में लायंस ओलम्पियाड फाउंडेशन के तत्वावधान में लायंस क्लब मसूरी हिल्स द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में महात्मा योगेश्वर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, कुलड़ी, मसूरी के प्रधानाचार्य डॉ. मनोज रयाल को शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारत शिक्षा रत्न सम्मान 2026 से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर लायंस क्लब मसूरी हिल्स के अध्यक्ष लायन अनुज तायल ने कहा कि शिक्षा राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। डॉ. रयाल का समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास प्रेरणादायी हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। समारोह में विशिष्ट अतिथि लायन  मोहन शर्मा ने कहा कि ऐसे सम्मान शिक्षा जगत से जुड़े समर्पित व्यक्तित्वों के उत्कृष्ट कार्यों को समाज के सामने लाने का माध्यम बनते हैं तथा अन्य शिक्षकों को भी नवाचार और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर डॉ. रयाल को भारत शिक्षा रत्न गोल्डन मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट किया गया।  सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. मनोज रयाल ने लायंस ओलम्पियाड फाउंडेशन एवं लायंस क्लब मसूरी हिल्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं नवाचार के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने तथा शिक्षकों को प्रोत्साहित करने की इस पहल की सराहना की। विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों ने डॉ. मनोज रयाल को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह में लायंस क्लब मसूरी हिल्स के अध्यक्ष अनुज तायल, सचिव लायन राजीव अग्रवाल, प्रोजेक्ट चेयरमैन लायन मोहन शर्मा सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *