• Sun. Jul 26th, 2026

देहरादून में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की 8वीं भव्य रथयात्रा

ByJanwaqta Live

Jul 13, 2026

देहरादून,। श्री चैतन्य महाप्रभु नामहट्ट श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा ट्रस्ट, विजयपुर (नयागांव, हाथीबड़कला) के तत्वावधान में गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को भगवान श्री जगन्नाथ की 8वीं वार्षिक भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। ट्रस्ट के संस्थापक आचार्य परम पूज्य श्री श्रीमद् अष्टोत्तरशत श्री भक्ति प्रसाद विष्णु गोस्वामी गुरु महाराज की प्रेरणा से आयोजित होने वाली इस रथयात्रा में इस वर्ष 2,000 से 5,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजित प्रेस वार्ता में ट्रस्ट के चेयरमैन हयग्रीव दास प्रभुजी और प्रेसिडेंट लोकनाथ दास प्रभुजी ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा प्रेम, सेवा, समानता, भाईचारे और हरिनाम संकीर्तन का विश्वविख्यात आध्यात्मिक महोत्सव है। उन्होंने कहा कि भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच आकर सभी को समान रूप से दर्शन और कृपा प्रदान करते हैं। उन्होंने देहरादून और आसपास के श्रद्धालुओं से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के दर्शन, हरिनाम संकीर्तन और महाप्रसाद का लाभ लेने का आह्वान किया।
रथयात्रा का शुभारंभ लीची बाग से होगा। सुबह 11 बजे मंगलाचरण, हरिनाम संकीर्तन और उद्घाटन समारोह आयोजित होगा, जबकि दोपहर 12 बजे महाप्रसाद वितरण किया जाएगा। दोपहर 2 बजे भव्य रथयात्रा लीची बाग से प्रारंभ होकर सेंट्रियो मॉल पहुंचेगी, जहां संक्षिप्त हरिनाम संकीर्तन के बाद यात्रा जोड़ी गांव तक जाएगी। यात्रा मार्ग में भजन-कीर्तन, हरिनाम संकीर्तन, पुष्पवर्षा और भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ट्रस्ट ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में लीची बाग रिजॉर्ट, सेंट्रियो मॉल, पीवीआर सिनेमाज, एलियन पैराडॉक्स टेक्नोलॉजीज एलएलपी, ज्योतिस्वर्णिम वेलफेयर सोसायटी, उत्तर बेकरी, कुमार ज्वेलर्स, कारलक्स देहरादून और ए.के.एस. म्यूजिकल का विशेष सहयोग मिल रहा है। ट्रस्ट ने सभी सहयोगी संस्थाओं और शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रेस वार्ता में वृन्दावन दास प्रभुजी, ललिता प्रसाद प्रभुजी, राधाकांत दास प्रभुजी सहित ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सदस्य और भक्तगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *