• Tue. Aug 18th, 2026

राज्यसभा में गूंजा हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड शुद्धिकरण मामला

ByJanwaqta Live

Aug 13, 2026

देहरादून,। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। इस जनसभा के बाद अब एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 11 अगस्त को श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन ने कांग्रेस की जनसभा के बाद उस मंच का शुद्धिकरण किया जहां से खड़गे ने अपना भाषण दिया था। हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड के शुद्धिकरण का यह मुद्दा सिर्फ उत्तराखंड का ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर का मुद्दा बन गया है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड के शुद्धिकरण का मुद्दा उठाया है। साथ ही कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अनटचेबिलिटी एक्ट के तहत इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा मैं हल्द्वानी में था, जहां मैंने रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। वहाँ लाखों लोग मौजूद थे। उस समय मैंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया, मैंने केवल सरकार से जुड़े मुद्दों को दोहराया। लेकिन मेरे भाषण के बाद, बीजेपी के लोगों ने उस मंच को शुद्ध करने के लिए वहाँ हवन किया। क्या लोकतंत्र में ऐसा होता है? आप संविधान की रक्षा कैसे कर रहे हैं? मैं विपक्ष का नेता हूं।
राज्यसभा में, सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को जवाब देते हुए कहा खड़गे जी ने जो कहा वह वाकई दुखद है। न सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए बल्कि हम सभी के लिए। बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती, लेकिन हम इसकी जांच करेंगे। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि वहां जो कुछ भी हुआ, उसकी निश्चित रूप से जांच की जाएगी, लेकिन मैं यह साफ करना चाहता हूं कि बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। मैं इसकी निंदा करता हूं।
बता दें 8 अगस्त को हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा हुई थी। जिसके बाद श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन के कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड के मंच का शुद्धिकरण किया। सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा हल्द्वानी रामलीला ग्राउंड का इस्तेमाल राजनीतिक कार्यक्रम के लिए हुआ है।
श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास संगठन के अध्यक्ष गिरीश पांडे ने कहा कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मंच से ऐसे नारे लगाये गये जो यहां से नहीं लगाये जाने चाहिए थे। उन्होंने कहा यह एक सांस्कृतिक मंच है। यहां पर राजनीतिक कार्यक्रम हुआ है। जिसके कारण मंच का शुद्धिकरण किया गया है। इस मामले पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी मोर्चा खोल दिया है। गणेश गोदियाल ने कहा जिन्होंने शुद्धिकरण का काम किया है वो बीजेपी से जुड़े हुये हैं। उन्होंने कहा शुद्धिकरण की ये घटना भाजपा की सोच दिखाती है। उन्होंने इस मामले में नैनीताल एसएसपी को भी घेरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *