• Fri. Nov 6th, 2026

मौसम विभाग के अलर्ट के दृष्टिगत मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

ByJanwaqta Live

Oct 30, 2026

देहरादून,। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विभाग द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों के लिए जारी ऑरेंज एवं येलो अलर्ट के दृष्टिगत शासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सभी जनपदों में आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां पूरी रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 अक्टूबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर एवं चमोली जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि एवं झोंकेदार हवाएं 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना के दृष्टिगत ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पिथौरागढ़, बागेश्वर, नैनीताल एवं चंपावत में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना भी व्यक्त की गई है। प्रदेश के अन्य जनपदों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों को मौसम सामान्य होने तक नियंत्रित रखा जाए। संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को नियंत्रित किया जाए। किसी भी सड़क के बाधित होने की स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन की आईआरएस प्रणाली के अंतर्गत नामित अधिकारी एवं विभागीय नोडल अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें। राजस्व, ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहें। पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन एवं अन्य बचाव दल आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रहें।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि भारी बारिश एवं खराब मौसम के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित की जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए समय रहते सभी एहतियाती कदम उठाए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके और आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *