• Fri. Nov 6th, 2026

अगापे मिशन स्कूल का 36वां वार्षिकोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया

ByJanwaqta Live

Nov 1, 2026

 

ऋषिकेश,। गुमानीवाला, श्यामपुर स्थित अगापे मिशन स्कूल का 36वां वार्षिकोत्सव विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ऋषिकेश नगर निगम के महापौर शंभू पासवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विक्रांत सर के स्वागत संबोधन से हुआ। इसके बाद दीप प्रज्वलन किया गया और समूहगान की प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने ‘हर जगह हर तरफ’ गीत पर आकर्षक स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत किंडरगार्टन के विद्यार्थियों तथा कक्षा एक और दो के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं। इसके साथ ही समूहगान, अंग्रेजी नाटक ‘द सेल्फिश जायंट’, कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति नृत्य और कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। समारोह के औपचारिक सत्र में मुख्य अतिथि श्री शंभू पासवान ने संबोधित किया। इसके बाद विद्यालय की प्रधानाचार्या रमीनी भंडारी ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों ने अंग्रेजी नाटक ‘मैकबेथ, कक्षा दो से पांच तक के विद्यार्थियों की नृत्य प्रस्तुति, गढ़वाली लोकनृत्य और वरिष्ठ विद्यार्थियों द्वारा शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया। समारोह में विद्यालय के संस्थापक का संदेश भी साझा किया गया। इसके अतिरिक्त हिंदी नाटिका और समूहगान की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बनाया। वार्षिकोत्सव का विशेष आकर्षण ‘द गिफ्ट ऑफ अ सेकंड चांस’ विषय पर आधारित नाट्य प्रस्तुति रही, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों की विभिन्न प्रस्तुतियों ने उनकी मेहनत, आत्मविश्वास और कलात्मक प्रतिभा को उजागर किया। समारोह के समापन सत्र में जूनियर को-ऑर्डिनेटर शालिनी रावत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और जलपान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अगापे मिशन स्कूल का यह वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा, उपलब्धियों और सामूहिक प्रयासों का उत्सव बना। पूरे कार्यक्रम ने विद्यालय के आदर्श वाक्य “उत्कृष्टता, प्रतिभा और एकजुटता का उत्सव” को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *