• Fri. May 1st, 2026

बहू ने अवैध संबंध का राज खुलने के डर से प्रेमी के साथ मिलकर की थी दादा ससुर व ननद की हत्या

ByJanwaqta Live

Jan 17, 2020

रुड़की: बहू ने अवैध संबंध का राज खुलने के डर से अपने प्रेमी के साथ मिलकर दादा ससुर और ननद की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी महिला और प्रेमी को गिरफ्तार किया है। नशे की गोलियां और हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद किया गया है। सिविल लाइंस कोतवाली में एसपी देहात एसके सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि झबरेड़ा थाना क्षेत्र के मानकपुर आदमपुर निवासी महेंद्र (65) और प्रीति (21) की नवंबर के पहले सप्ताह में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
दो मौतें एक साथ होने से परिजनों को पुत्रवधू पर शक हुआ। पूछताछ में बहू रिया उर्फ अन्नू को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पूछताछ में रिया ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी रोहित उर्फ रामू के साथ अवैध संबंध थे। जब उसका पति कंपनी में नाइट ड्यूटी पर जाता तो वह प्रेमी को घर बुला लेती थी। दादा ससुर महेंद्र और सास को नशे की गोली देकर सुला देती थी। दो नवम्बर की रात को भी प्रेमी घर आया था। इस बीच दादा ससुर महेंद्र की आंख खुल गई और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके बाद उन्होंने दादा ससुर के मुंह पर तकिया रखकर हत्या कर दी और शव को चारपाई पर लिटा दिया। जिससे परिजनों को लगे की दादा ससुर की स्वाभाविक मौत हुई है। दादा ससुर की मौत के बाद ननद प्रीति अपने मामा के घर भटौल गांव से वापस मानकपुर आदमपुर आ गई। ननद के आने से भी दोनों का मिलना-जुलना बंद हो गया। प्रीति को भी दोनों के प्रेम-प्रसंग की भनक लग गई थी। रिया ने ननद को पांच नवंबर की रात खाने में नशे की गोलियां दी। कुछ समय बाद जब प्रीति को बेहोशी छाने लगी तो रिया ने तकिए से मुंह दबाकर उसकी भी हत्या कर दी। देर रात शोर मचा कर परिजनों को जगाया। बताया कि प्रीति बेसुध पड़ी है। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।  एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि रिया उर्फ अन्नू और उसके प्रेमी रोहित उर्फ रामू निवासी गांव मुंडी खेड़ी, थाना रामपुर मनिहारन जिला सहारनपुर हाल मानकपुर आदमपुर को गिरफ्तार किया गया है।
घटना में प्रयुक्त तकिया और नशे की गोलियां बरामद की हैं। टीम में थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार, इकबालपुर चैकी प्रभारी मोहन कठैत, लखनौता चैकी प्रभारी संजय नेगी, नूर मलिक, मोहित खंतवाल और प्रमोद कुमार शामिल रहे। रिया और उसके प्रेमी रोहित ने दो हत्याएं करने के बाद पति सूरज को भी ठिकाने लगाने की पूरी प्लानिंग कर ली थी। कुछ सप्ताह बाद पति की भी मुंह पर तकिया रखकर हत्या करने का ताना-बाना बुना था। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया है कि दादा ससुर और ननद की हत्या के बाद पति सूरज को भी रास्ते से हटाने का पूरा बंदोबस्त कर लिया था। गनीमत रही झबरेड़ा पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर राज से पर्दा उठा दिया। रिया का पति सूरज फैक्ट्री में कर्मचारी है। रात के वक्त पति ड्यूटी पर जाता तो रिया अपने प्रेमी को फोन कर देती थी। जिसके बाद रोहित उसे नशे की गोलियां देता था और वह उसे खाने में मिलाकर परिवार को परोस देती थी। बेसुध होने पर दोनों कमरे में रंगरेलियां मनाते थे। नौ महीने से दोनों के बीच अवैध संबंध थे। प्रेमी भी एक फैक्ट्री में काम करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *