• Sat. May 9th, 2026

पुलिस महानिदेशक का पद संभालने के बाद देवेन्द्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की

Byjanadmin

May 13, 2022

उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक का पद संभालने के बाद देवेन्द्र सिंह चौहान ने शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार मुलाकात की। डीजीपी देवेन्द्र सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर जाकर मुलाकात की।

उत्तर प्रदेश के प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में देवेन्द्र सिंह चौहान ने गुरुवार देर शाम को अपना कार्यभार संभाला। महानिदेशक विजिलेंस देवेन्द्र सिंह चौहान को कल ही प्रभारी पुलिस महानिदेशक का पदभार सौंपा गया है। वह देर शाम उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, सिगनेचर बिल्डिंग गोमतीनगर एक्सटेंशन पहुंचे और अपना कार्यभार संभाला। डीएस चौहान को डीजीपी का अतिरिक्त चार्ज दिया गया है। उनके पास इंटेलिजेंस और विजिलेंस का भी चार्ज बना रहेगा। देवेन्द्र सिंह चौहान की पत्नी भी वरिष्ठ आइएएस अधिकारी के पद पर तैनात हैं।

देवेन्द्र सिंह चौहान को उत्तर प्रदेश के डीजीपी का अतिरिक्त पद भार दिया गया है। वह महानिदेशक सतर्कता के पद पर तैनात हैं। केन्द्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर रहे चौहान को बीते जून में ही उत्तर प्रदेश ने वापस बुलाया था। केन्द्र सरकार के गृह मंत्रालय ने इसके लिए स्वीकृति दे दी थी। देवेन्द्र सिंह चौहान 1988 बैच के आइपीएस अफसर हैं। वह मेहनती और कुशल अधिकारी माने जाते हैं। बीते मार्च में ही महानिदेशक के पद पर प्रोन्नत देवेंद्र सिंह चौहान उत्तर प्रदेश आने से पहले केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में महानिरीक्षक (आइजी) के पद पर तैनात थे। केन्द्र सरकार के गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश सरकार की मांग पर डीएस चौहान को उनके मूल कैडर में भेजने की स्वीकृति दे दी थी।

प्रदेश के पुलिस महानिदेशक पद से मुकुल गोयल को बुधवार शाम को हटाकर महानिदेशक नागरिक सुरक्षा के पद पर भेजा गया था। मुकुल गोयल ने जून 2021 में उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के रूप में अपना कार्यभार संभाला था। उनके तबादले के पीछे अभी तक कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *