• Wed. Feb 25th, 2026

रुद्रप्रयाग में ’ऑपरेशन क्रैकडाउन’ का खौफ

ByJanwaqta Live

Feb 23, 2026

रुद्रप्रयाग,। जनपद में शांति व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और बाहरी असामाजिक तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे ’ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत जिले भर में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान युद्धस्तर पर जारी है।
पुलिस ने अब तक जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 879 बाहरी व्यक्तियों का भौतिक और दस्तावेजी सत्यापन पूरा कर लिया है। यह अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित नहीं है। पुलिस अधीक्षक के अनुसार, सत्यापन प्रक्रिया को दो स्तरों पर अंजाम दिया जा रहा है। डिजिटल और फिजिकल जांच का समन्वय- यह केवल एक सामान्य प्रक्रिया नहीं है, बल्कि सुरक्षा का एक मजबूत चक्र है। सत्यापित किए गए सभी व्यक्तियों का पूर्ण विवरण सम्बन्धित कोतवाली स्तर पर रजिस्टर व डिजिटल रूप में संकलित किया गया है। जिन व्यक्तियों का सत्यापन किया गया है, उनके आपराधिक इतिहास की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है। दस्तावेजों की जांच ओर राज्य और राष्ट्रीय स्तर के आपराधिक पोर्टलों पर संबंधित व्यक्ति के रिकॉर्ड की सूक्ष्म जांच, ताकि कोई भी वांछित अपराधी अपनी पहचान छिपाकर यहां शरण न ले सके। अभियान का प्रभाव पूरे जनपद में देखा जा रहा है। सभी कोतवाली क्षेत्रों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या बिना सत्यापन के रह रहे व्यक्ति पर तुरंत कार्रवाई की जाए। सत्यापित व्यक्तियों का पूरा विवरण रजिस्टर और डिजिटल डेटाबेस में सुरक्षित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कड़ा रुख भी अपनाया है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि मकान मालिक अपने किरायेदारों का विवरण तुरंत पुलिस को दें। व्यापारी और ठेकेदार अपने बाहरी श्रमिकों और नौकरों का अनिवार्य सत्यापन कराएं। सत्यापन न कराने वाले मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *