पुलिस ने 6 घंटे के अंदर गिरफ्तारियां कर चोरी की इस वारदात को सुलझाया
उद्योग के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों ने युवकों के मंसूबों पर पानी फेरा
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
बिलासपुर शहर के औद्योगिक क्षेत्र से 2 युवाओं ने एक उद्योगपति की कार का शीशा तोड़कर एक बैग चुरा लिया। बताया जा रहा है कि इस बैग में एक रिवॉल्वर, रिवॉल्वर का लाइसैंस, 6 रौंद, चैकबुक व कुछ अन्य दस्तावेज थे। पुलिस ने 2 युवकों को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है तथा इनसे चोरी किए गए सामान को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने 6 घंटे के अंदर गिरफ्तारियां कर चोरी की इस वारदात को सुलझा दिया है। जानकारी के अनुसार उद्योगपति प्रेम डोगरा ने अपनी कार को रोजाना की तरह औद्योगिक क्षेत्र में अपने उद्योग के बाहर खड़ा किया था। बताया जा रहा है कि चोरों ने बुधवार सुबह करीब 2 बजे कार के शीशे को तोड़ा और कार में रखे बैग को उठा लिया। बताया जा रहा है कि चोरों ने बैग में पैसे समझकर चोरी की थी लेकिन बैग में पैसे नहीं थे जिस पर चोरों ने बैग को खाली करके मीट मार्कीट के समीप झाडिय़ों में फैंक दिया था। चोरों ने अपनी तरफ से इस घटना को बड़ी सफाई से अंजाम दिया था लेकिन उद्योग के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों से उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। चोरी की यह घटना सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई। प्रेम डोगरा ने बुधवार सुबह जब अपनी कार का शीशा टूटा हुआ देखा और कार से बैग को गायब पाया तो उन्होंने इस बाबत थाना सदर को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी योगराज चंदेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घटना का जायजा लिया। घटना का जायजा लेते समय यह तय हो गया था कि चोरी की इस घटना को किसी नजदीक के व्यक्ति ने ही अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने सी.सी.टी.वी. की फुटेज को चैक किया तो सारा घटनाक्रम साफ हो गया लेकिन सी.सी.टी.वी. में चोरों के चेहरे साफ नहीं दिख रहे थे जिस पर पुलिस ने काफी जद्दोजहद के बाद फुटेज में दिखाई दे रही आकृतियों के आधार पर चोरी के मुख्य आरोपी की पहचान की तथा उसे उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा की गई कड़ी पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी ने अपना गुनाह कबूल किया तथा अपने साथी का नाम भी पुलिस को बताया। एस.पी. बिलासपुर अशोक कुमार ने बताया कि थाना सदर पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ मौंटी व कर्ण निवासी बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया है तथा इनके विरुद्ध थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है व मामले की छानबीन की जा रही है।

