• Mon. Jul 6th, 2026

आमजन की नैतिक जिम्मेवारी, युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों से बचाना- मु0 अमीन शेख चिश्ती

Byjanadmin

Dec 5, 2018

फोक मीडिया के कलाकारों ने नशे से दूर रहने का दिया संदेश

शिक्षण संस्थानों में नशे के खिलाफ आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताएं

जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
युवा वर्ग ही देश का भावी निर्माता है और युवाओं को नशे से हर हाल में बचाना हम सब का दायित्व है। वर्तमान समय में नशा एक गंभीर समस्या बन गई है जो कि हमारे समाज में तेज़ी से फैल रही है इसलिए समय की जरूरत है कि युवाओं की सही प्रकार से निगरानी की जाए और उनकी दिनचर्या पर नज़र रखी जाए ताकि युवा पीढ़ी का सही मार्गदर्शन करके उन्हें इस लत से बचाया जा सके। यह उद्गार जिला लोक सम्पर्क अधिकारी मु0 अमीन शेख चिश्ती ने ग्राम पंचायत पडयालग में नशा निवारण पर आयोजित कार्यक्रम में सम्बोधित करते हुए प्रकट किए। उन्हांेने कहा कि नशा मुक्त समाज हमारी जिम्मेदारी है इसके लिए समाज में जागृति लानी होगी तभी स्वास्थ और समृद्ध भारत का सपना साकार होगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज का हर व्यक्ति अपने कार्यों में व्यस्त हो गया है। मां-बाप के पास अपने बच्चों को देने के लिए पर्याप्त समय नही है। यही कारण है कि बच्चों को सही मार्ग दर्शन नही मिल रहा है जिसके कारण वे गलत रास्तों पर चल कर नशीले पदार्थों का प्रयोग कर रहे है। उन्होंने कहा कि परिवार में बच्चों को प्यार और ध्यान, समर्थन और विश्वास तथा प्रोत्साहन देना अति आवश्यक है। अविभावकों की भी सबसे बड़ी जिम्मेवारी यह है कि वे अपने बच्चों को समय दें और उनका सही मार्गदर्शन करें ताकि वे नशे की ओर उन्नमुख न हों। उन्होंने कहा कि बच्चों को मानव शरीर पर नशीली दवाईयों व अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले हानिकारिक प्रभावों के बारे में जागरूक करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि उन्हें खेल गतिविधियों में शामिल किया जाए ताकि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग रचनात्मक गतिविधियों में लगाएं। उन्होंने कहा कि यह आमजन की नैतिक जिम्मेवारी है कि युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों के सेवन से बाहर निकाले इसमें सरकार के साथ-साथ समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करना सुनिश्चित करें।
इस मौके पर ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता शर्मा ने महिलाओं से आहवान किया कि नशे के खात्मे के लिए मातृ शक्ति समाज में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं परिवार में नशे में लिप्त परिवारजनों को नशे से शरीर, परिवार, समाज व राष्ट्र पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देकर उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
नशीली पदार्थों के दुरूपयोग के खिलाफ आरंभ किए गए अभियान के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेश में एक प्रभावी वातावरण बनाने के लिए सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के फोक मीडिया के नटराज सांस्कृतिक कलामंच घुमारवीं के कलाकारों ने इस अवसर पर “नशा नाश का मूल है” तथा “मत कर नशे कन्ने प्यार” और “चल हुण बंद कर बर्बादी दा समान” समूह गीत तथा “मीठा जहर” नामक लघु नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। जबकि शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों में पोस्टर मेकिंग, स्लोगन लेखन, ग्रुप डिस्कशन, भाषण प्रतियोगिता, निबन्ध लेखन लघु नाटकों व रैली का आयोजन कर नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपप्रधान राजेश ठाकुर, बार्ड सदस्य कमल ठाकुर, रामप्यारी, सोहन लाल, पंचायत सचिव वीरेन्द्र सिंह ठाकुर, राज कुमार, बसंत, बलदेव, पवन, रीमा, प्रकाश चंद, कविता तथा फूला चंदेल के अतिरिक्त स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *