जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
जनहित में आ रही समस्याओं का समाधान करने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएगें ताकि किसी भी स्तर पर किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े। यह बात उपायुक्त विवेक भाटिया ने सिविल प्रशासनिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। बैठक में वरिष्ठ नागरिक, व्यापार मण्डल और जिला उद्योग संघ के अतिरिक्त पंचायत राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर लगभग 22 मदो पर विस्तृत रूप से चर्चा हुई जिस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिलाया कि जो भी कार्य प्रशासन स्तर पर संभव होगें उन्हें शीघ्र ही अमलीजामा पहनाया जाएगा तथा शेष कार्यों को समाधान के लिए उच्च स्तर पर सरकार के समक्ष रखा जाएगा।
उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के पदाधिकारियों से कहा कि जनहित में जो भी कार्य उनके क्षेत्राधिकार में आते है वह उन कार्यों को शीघ्र हल करना संभव बनाएं ताकि लोगों को आ रही समस्याओं से निजात मिले सके। उन्होंने सी0एम0ओ0 को निर्देश दिए की वह वरिष्ठ नागरिकों के लिए पर्ची बनाने हेतु अलग से काउंटर की व्यवस्था करें तथा चिकित्सक भी प्राथमिकता के आधार पर वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य की जांच करें। उपायुक्त ने कहा कि मार्किट में जनहित के लिए यातायात की बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए वाहनों की आवाजाही के लिए समयसारिणी निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को आवारा पशुओं से निजात दिलाने के लिए ईकोशैड बनाने के प्रयास किए जाएगें जिसके लिए उन्होंने सम्बन्धित विभाग को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए की जो भी विभाग से सम्बन्धित जनहित के मुद्दे बैठक में लाए गए हैं उन पर शीघ्र कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार, एडीएम श्रवण मान्टा, एसडीएम सदर प्रियंका वर्मा, सहायक आयुक्त पूजा चैहान, सिद्धार्थ आचार्य, डी0एफ0ओ0 सरोज भाई पटेल, सी0एम0ओ0 डाॅ. वी0के0 चैधरी, पी0ओ डी0आर0डी0ए संजीत सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष अमरजीत बंगा, नगर परिषद अध्यक्ष सोमा देवी के अतिरिक्त वरिष्ठ नागरिक संघ प्रधान एल0आर शर्मा व अन्य अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

