राफेल प्रकरण पर खारिज याचिका के बाद हुआ दूध का दूध और पानी का पानी
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष इन दिनों या तो इस जीत से अति उत्साहित हैं या मानसिक तौर पर अस्वस्थ हैं, क्योंकि पार्टी अध्यक्ष देश के संवैधानिक पद पर आसीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सरेआम चोर कह कर असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। यह बात हिप्र भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं भाजपा युवा नेता रूप लाल ठाकुर ने प्रैस को जारी बयान के माध्यम से कही। उन्होंने कहा कि राफेल प्रकरण पर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा खारिज याचिका के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है। ऐसे में एनडीए सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले कांग्रेसी नेताओं की पोल खुल चुकी है। देश के सामने सच्चाई आने के बाद कांग्रेस अध्यक्ष तथा अन्य नेता झटपटाहट में अनर्गल बयानबाजी कर जनता के बीच हंसी का पात्र बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों में कांग्रेस को मिली जीत के बाद कांग्रेस का इठलाना स्वाभाविक है लेकिन इन राज्यों में परिवर्तन पांच सालों में एक बार होना प्रथा है बावजूद इसके भाजपा के पक्ष में मतदान प्रतिशतता बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में शाब्दिक प्रहार और छींटाकशी आम बात है लेकिन पद की गरीमा का ध्यान रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद राफेल डील पर हो हल्ला कर रहे कांग्रेसी नेताओं के हाथ से झूठ की बुनियाद पर टिका मुद्दा खिसक चुका है। रूप लाल ठाकुर ने कहा कि अब बोलने के लिए कांग्रेस के पास कुछ नहीं है तथा चौकीदार चोर है आदि फब्तियां कस कर अपने आप को राजनीति के अखाड़े में जिंदा रखने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से जहां मोदी सरकार को राहत मिली है वहीं झूठ बोलने वालों के चेहरे सार्वजनिक हुए है और इनकी हार हुई है। जिस कारण वे हताशा में इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं। रूप लाल ठाकुर ने कांग्रेस नेताओं से मांग की है कि वे देश के सुप्रीम कोर्ट के साथ-साथ भाजपा के नेताओं से भी सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे, अन्यथा भाजपा इसका हर अवसर पर मुंह तोड़ जबाव देगी।

