बंबर ठाकुर ने छेड़ा राहुल लाओ देश बचाओ जन जागरण अभियान
जनवक्ता ब्यूरो हमीरपुर
तीन कार्यकाल और 15 वर्ष बीत जाने के बाद हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का समुचित विकास ना हो पाना इस बात को दर्शाता है कि अनुराग ठाकुर ने सांसद रहते हुए बिलासपुर हमीरपुर ऊना की प्रमुख मांगो की ओर कोई भी ध्यान नहीं दिया। यह बात कांग्रेस पार्टी के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने हमीरपुर जिला मुख्यालय पर यात्रा निकालने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि रेलवे के नाम पर हमीरपुर उना और बिलासपुर को ठगा गया आज तक रेल का कोई विस्तार नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि जाहू में हवाई अड्डा बनाने की बात की गई लेकिन उस बारे में भी कोई घोषणा तक नहीं हुई है और अब यह अड्डा मंडी में बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिलासपुर हमीरपुर और उना को लेकर सांसद अनुराग ठाकुर ने बड़े-बड़े वादे किए थे लेकिन इन 5 वर्षों में उन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया । उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता होने के नाते उन्होंने ये जन जागरण अभियान छेड़ा है ताकि जुमलेबाजी के नाम पर लोगों को बेवकूफ बना रही सरकार को बाहर किया जा सके। लोग जागरूक हों और देश में कांग्रेस की सरकार बने। उन्होंने कहा कि नौकरी के नाम पर युवाओं को ठगने वाले अब फिर से सत्ता में नहीं आने वाले । उन्होंने सांसद अनुराग ठाकुर को चैलेंज करते हुए कहा कि वह बिलासपुर जिले के एक भी युवक का नाम बता दें जिसे उन्होंने कहीं नौकरी दिलाई हो। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनकी देहरा तक चलेगी और इस यात्रा का एकमात्र उददेश्य है राहुल गांधी को लाओ देश बचाओ।
जनता और हाईकमान का आशीर्वाद होगा तो अवश्य मिलेगा टिकट
टिकट के बारे में पूछे जाने पर बंबर ठाकुर का कहना था कि जनता चाहेगी और हाईकमान का आशीर्वाद होगा तो अवश्य मिलेगा । उन्होंने कहा कि वह अपने आप को सशक्त उम्मीदवार समझते हैं।
बाहरी व्यक्ति को टिकट मिलने का सवाल ही नहीं उठता
यह पूछे जाने पर कि क्या दूसरी पार्टी से किसी नेता को कांग्रेस में शामिल करके उसे टिकट दिया जा रहा है । बंबर ठाकुर ने एकदम कहा कि इस बात का तो प्रश्न ही नहीं उठता क्योंकि जिसे टिकट दिए जाने की चर्चा हो रही है उसे वह विधानसभा चुनावों में पराजित कर चुके हैं । उन्होंने कहा कि बाहरी व्यक्ति बिल्कुल नहीं आएगा । सर्वे के आधार पर टिकट का वितरण होगा और सशक्त प्रत्याशी को टिकट मिलेगा। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने नारे बाजी की कि हमीरपुर का एमपी कैसा हो बंबर ठाकुर जैसा हो।

