• Fri. Jan 30th, 2026

नगर निगम उप-चुनाव में जीत सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों का प्रतिफल ः मुख्यमंत्री

Byjanadmin

Jan 13, 2019


जनवक्ता ब्यूरो शिमला
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार राज्य के चहुंमुखी विकास और लोगों के कल्याण के लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है। राज्य का कोई भी क्षेत्र विकास की बयार से अछूता न रहे और एक भी व्यक्ति सरकार की कल्याणकारी नीतियों के लाभ से वंचित न रहे, इस बात को सुनिश्चित बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक वर्ष के छोटे से कार्यकाल में राज्य सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां रही हैं, लेकिन राज्य के विकास के लिए इस क्रम को जारी रखा जाएगा। मुख्यमंत्री आज अपने सरकारी आवास ओक-ओवर में नगर निगम शिमला के सांगटी वार्ड में भाजपा समर्थित उम्मीदवार की जीत पर शिमला भाजपा मण्डल तथा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित धन्यवाद समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने इस जीत के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं व मतदाताओं को बधाई दी तथा कहा कि कार्यकर्ताओं ने मेहनत और लग्न के साथ कार्य किया है और वर्ष 2019 के लोक सभा चुनाव से पूर्व यह जीत हासिल करना भविष्य के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि जब कोई कार्य पूरे मन और जुनून के साथ किया जाता है, तो लक्ष्य निश्चित तौर पर हासिल होता है। उन्होंने चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के लिए मीरा शर्मा को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में विजय राज्य सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों के प्रति लोगों में विश्वास को भी द्योतक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लगभग पौने पांच वर्षों के दौरान देश को दुनियाभर में एक सम्मानजनक स्थिति में पहुंचाया है। अनेकों ऐसी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ो-करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की स्वच्छ और स्पष्ट छवि उन्हें आम जनमानस का सर्वोपरी नेता बनाती हैं। उन्होंने कहा कि आगामी लोक सभा चुनावों में हिमाचल प्रदेश से चारों सीटें प्रधानमंत्री की झोली में डालेंगे। इसके लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। इससे पूर्व, अनाडेल पहुंचने पर सांगटी वार्ड से विजयी उम्मीदवार मीरा शर्मा तथा भाजपा मण्डल के पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और जीत की खुशी उनसे सांझा की। शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि सांगटी वार्ड में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत है, क्योंकि इस वार्ड से पहली बार कोई भाजपा समर्थित प्रत्याशी विजयी हुई है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री की दूरदर्शिता और उनकी कार्यप्रणाली को देते हुए कहा कि प्रदेश के लोग मुख्यमंत्री के काम करने के तौर-तरीकों और आम जनमानस तक उनकी पहुंच का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि इस वार्ड में प्रदेश के विभिन्न भागों के लोग रहते हैं और इस जीत का संदेश पूरे राज्य में जाना स्वाभाविक है।चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा, शिमला नगर निगम के उप महापौर राकेश शर्मा, पार्षदगण, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल, मीडिया सलाहकार रोहित सावल, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेन्द्र कुमार धर्माणी, सक्षम गुडिया बोर्ड की अध्यक्ष रूपा शर्मा, एपीएमसी के अध्यक्ष नरेश शर्मा, भाजपा मण्डलाध्यक्ष अमर ठाकुर, बिहारी लाल, भाजपा प्रवक्ता शशि दत्त, भाजपा शहरी मण्डलाध्यक्ष प्रदीप कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विनय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा मण्डल के कार्यकर्ता व पदाधिकारी तथा विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *