
जनवक्ता ब्यूरो हमीरपुर
कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई को धूमल महिमा का नाम देना और टिकट की लड़ाई में भी धूमल नाम नैया पार लगाएगा ऐसी आस लगा कर कांग्रेस के एक विधायक भाजपाइयों का मनोबल बढ़ा रहे हैं। आज यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने यह बात कही।
बीते कुछ दिनों से कांग्रेस में जो धड़ों की लड़ाई चली हुई है उस पर भाजपा ने भी नजर टिकाई हुई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल के ज़िले में उनके नाम का डंका किस तरह बजता है इसका नज़ारा तो यह है कि धड़ों में बंटी कांग्रेस के गुट भी एक दूसरे पर धूमल परिवार से सांठ गांठ के आरोप लगा रहे हैं। इसी पर चुटकी लेते हुए अंकुश ने कहा कि हमीरपुर में तो कांग्रेसी भी धूमल नाम जप कर अपनी राजनीति करते हैं। कांग्रेसियों द्वारा धूमल नाम का गुणगान देख कर भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा हुआ है।
अंकुश ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री की सक्रियता और आम जनता से लगातार संपर्क अभियान ने कांग्रेसियों के हौंसले पस्त किये हुए हैं। विधानसभा चुनावों के बाद जो कांग्रेसी विधायक लोकसभा चुनाव लड़ने का दम भरते थे, वह भी धूमल जी की सक्रियता से डर कर अब चुनाव नहीं लड़ने की घोषणाएं कर रहे हैं। दो बार तो विधायक बन लिए परन्तु दोनों बार ही धूमल नाम जप कर जनता को गुमराह किया।
अंकुश ने कहा की कांग्रेस की लड़ाई निस्संदेह भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह बर्द्धन में सहायक सिद्ध होगी। सांसद अनुराग ठाकुर की मेहनत से मोदी सरकार के कार्यकाल में हमीरपुर लोकसभा में बहुत ज्यादा काम हुआ है,विकास के बड़े बड़े प्रोजेक्ट, किसानों की खुशहाली की योजनाएं, स्वास्थ्य संस्थान, शिक्षण संस्थान, रेल यातायात और राष्ट्रीय उच्च सड़क मार्गों की सौगातें मिलीं हैं जो 70 वर्षों में नहीं मिली।भाजपा कार्यकर्ता फील्ड में जन जन तक इन उपलब्धियों को पहुंचाने की तैयारी में जुट गया गई। भाजपा संगठन निरन्तर बैठकें और सम्मेलन कर इन तैयारियों को धार दे रहा है। अब तो लोकसभा चुनावों में हमीरपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी की जीत यकीनन तय है भले ही कांग्रेस की तरफ से कोई भी चुनाव लड़े। वैसे भी गुटों की लड़ाई में फंसी कांग्रेस के पास जनता के पास दुष्प्रचार करने झूठ बोलने और भाजपा नेताओं पर झूठे आरोप लगाने के सिवा और कोई रास्ता नहीं बचा है।
