• Sat. May 9th, 2026

नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैमोरियल स्नातकोतर महाविद्यालय अणु के परिसर में जिला स्तरीय मैगा रोजगार मेला आयोजित

Byjanadmin

Jan 18, 2019

40 से भी अधिक कंपनियों ने रोजगार मेले में की शिरकत

युवा जॉब के अवसर का भरपूर लाभ उठाएं

सम्बंधित कंपनी में ज्वाईनिंग देकर ईमानदारी व मेहनत के साथ निरंतर करें कार्य : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी हर छ: माह के बाद आयोजित किए जाएंगे रोजगार मेले

जनवक्ता ब्यूरो हमीरपुर
सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशन तथा एनएसडीसी के सौजन्य तथा सांसद अनुराग ठाकुर के योग्य एवं अनुभवी परामर्श तथा मार्गदर्शन की बदौलत नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैमोरियल स्नातकोतर महाविद्यालय अणु के परिसर में जिला स्तरीय मैगा रोजगार मेले का आयोजन किया गया प्रदेश तथा देश के विभिन्न राज्यों से आई 40 से भी अधिक रोजगार प्रदान करने वाली कंपनियों ने भाग लिया। इस अवसर पर सांसद अनुराग ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंनेे सबसे पहले देश के विभिन्न राज्यों से आई हुई कंपनियों के प्रतिनिधियों का देवभूमि हिमाचल में पधारने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी प्रदेश में कंपनियों को लाना तथा युवाओं को एकत्रित कर उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना अपने आप में एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि इस रोजगार मेले के दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा 3500 से भी अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से आहवान किया कि जिन्हें आज इस रोजगार मेले के दौरान जॉब प्राप्त करने का अवसर मिलेगा वह उसका भरपूर लाभ उठाएं तथा आवश्यक रूप से सम्बंधित कंपनी में अपनी ज्वाईनिंग देकर ईमानदारी व मेंहनत के साथ निरंतर कार्य करें। उन्होंने कहा कि इससे अन्य युवाओं में भी कंपनियों के माध्यम से दी जाने वाली नौकरियों में रूचि तथा विश्वसनियता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं ने देश तथा दुनिया में अपने काम के प्रति मेहनती तथा ईमानदार होने की विशेष छाप छोड़ी है इसलिए देश के विभिनन राज्यों की कंपनियों ने भी हमीरपुर में रोजगार मेला लगाने तथा यहां के युवाओं को रोजगार प्रदान करने की इच्छा जाहिर की है।

सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार ने बेरोजगार युवाओं
के कौशल विकास के लिए प्रति वर्ष 10 हजार करोड़ रूपए से अधिक राशि का प्रावधान किया है तथा हर वर्ष 1 करोड़ युवाओं को कौशल विकास का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि वह अपने पैरों पर खड़़ेे होकर अपनी आर्थिकी को सुदृढ़ बना सकें। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हों इसके लिए स्टार्ट अप इंडिया तथा स्टैंड अप इंडिया योजना आरंभ की गई है तथा इससे हजारों युवाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त करना शुरू किया है। उन्होंने कहा कि स्टार्ट अप इंडिया तथा स्टैंड अप इंडिया योजना के शुरू होने से आज भारत का नाम दुनिया में तीसरे स्थान पर आ गया है जो पहले न के बराबर था। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है तथा अगले पांच वर्ष में इसे नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में छठे से तीसरे स्थान पर लाया जाएगा।
सांसद अनुराग ठाकुर ने युवाओं से आहवान किया कि वह सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े । उन्होंने कहा कि स्कारात्मकता से ही आप चिंतामुक्त होकर समाज तथा देश के विकास में बेहतर योगदान दे सकते हैं। सकारात्मक सोच से दुनिया की हर असंभव चीज को भी संभव बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस रोजगार मेले के सफल आयोजन के बाद हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के अन्य स्थानों पर हर छ: माह के बाद ऐसे ही रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा ताकि हिमाचल के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को नौकरियों के घर द्वार पर अवसर प्राप्त हो सकें।
इस अवसर पर एनएसडीसी के स्टेट एनगेजमैंट ऑफिसर जितेन्द्र शर्मा तथा सीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीच्यूशन के एमडी मनवीर सिंह ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा उन्हें शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कुशल भारत श्रेष्ठ भारत में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम की अहम भूमिका रही है तथा हिमाचल के युवाओं की अपने काम के प्रति लग्न तथा मेहनत को देखते हुए कंपनियां शत प्रतिशत हिमाचली युवाओं को अधिमान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि सांसद अनुराग ठाकुर के कुशल मार्गदर्शन एवं अनुभवी परामर्श की बदौलत ही देश के विभिन्न राज्यों की कंपनियां हमीरपुर में पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि रोजगार तथा शिक्षा दोनों महत्वपूर्ण हैं । इसलिए युवाओं को जब भी जॉब प्राप्त करने का अवसर मिलता है तो उन्हें उसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, प्रदेश भाजपा सचिव विजयपाल सोहारू, जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा, एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा,एनएसडीसी सदस्य हरजीत सिंह, हमीपुर मंडल भाजपा महासचिव हरीश शर्मा, घुमारवीं से भाजपा महासचिव जोरावर सिंह, एडीसी रत्न गौतम के अतिरिक्त विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *