• Sat. May 9th, 2026

मुख्यमंत्री को सॉलिड वेस्ट एंड लिक्विड एफ्लुएंट ट्रीटमेंट पर दी गई प्रस्तुति

Byjanadmin

Jan 23, 2019


जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को आज यहां मेसर्स जेनिथ केमिकल एंड एलाइड इंडस्ट्रीज, सतारा, महाराष्ट्र आधारित कंपनी द्वारा ‘सॉलिड वेस्ट एंड लिक्विड एफ्लुएंट ट्रीटमेंट’ पर एक प्रस्तुति दी गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों में सॉलिड वेस्ट और लिक्विड एफ्लुएंट्स का कुशल उपचार एक प्रमुख चिंता का विषय है और उनके उचित प्रबंधन के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रभावी और वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग करके ठोस कचरे की मात्रा में भारी कमी की जा सकती है। उन्होंने कहा कि डंपिंग साइटों से उठती गंध का मुद्दा एक प्रमुख चिंता है, जिसका उचित निवारण करने की आवश्यकता है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि औद्योगिक कचरे के वैज्ञानिक उपचार से वायु और जल उत्सर्जन मानकों में सुधार किया जा सकता है, जिससे पर्यावरण उद्योग के मानकों और समुदाय की अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस तकनीक को शिमला और मंडी शहर में पायलट आधार पर शुरू करने पर विचार कर सकती है।
प्रस्तुति के दौरान कंपनी के प्रतिनिधि ने कहा कि बॉयो-विजार्ड उपचारित निक्षालितक (लीचएट), लाभकारी एंजाइम, उत्कृष्ट उत्प्रेरित सह-एंजाइमों और सह-कारकों, आवश्यक तेलों और पौधों के अर्क तथा विशेष रूप से तैयार पोषक तत्वों का एक संयोजन है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया न केवल लागत की दृष्टि से प्रभावी है, बल्कि इसमें कई तरह की क्रियाशील स्थितियां हैं तथा इसकी लंबी अवशिष्ट प्रभाव अवधि होने के साथ यह शत-प्रतिशत जैविक है।
शिमला नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, प्रधान सचिव शहरी विकास प्रबोध सक्सेना, सदस्य सचिव राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड डॉ. आर.के. पुरथी, आयुक्त नगर निगम शिमला पंकज राय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *