• Mon. May 11th, 2026

मुख्यमंत्री ने की बिलासपुर के जुखाला के लिए विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं की घोषणा

Byjanadmin

Feb 20, 2019

लाड़ाघाट में आईटीआई खोला जाएगा

जुखाला में मुख्यमंत्री लोक भवन निर्माण की घोषणा

जनवकता डेस्क, बिलासपुर
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने बिलासपुर जिले के जुखाला में श्री नैनादेवी जी भाजपा मण्डल द्वारा आयोजित अभिनन्दन रैली को सम्बोधित करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मारकण्डे को स्तरोन्नत कर नागरिक अस्पताल, लाड़ाघाट में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान तथा जुखाला में मुख्यमंत्री लोक भवन निर्माण की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में राजनीतिक परिदृष्य में बड़ा बदलाव हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार प्रदेश को देश का एक विकसित राज्य बनाने के लिए वचनबद्धता एवं नई उमंग से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के एक साल के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश के लोगों की आशाओं एवं आकांक्षाओं को जानने के लिए 68 विधानसभा क्षेत्रों में से 66 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया है।
जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार राज्य की विकासात्मक आवश्यकताओं को पूर्ण करने के लिए हर सम्भव सहायता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में 10,300 करोड़ रुपये की विकासात्मक परियोजनाएं स्वीकृत करवाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने न केवल वर्तमान राज्य सरकार के गठन के समय अपना आर्शीवाद दिया अपितु एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम की शोभा भी बढ़ाई। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के हिमाचल प्रदेश और प्रदेशवासियां के प्रति उनका स्नेह दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के लोगों के कल्याण हेतु अगले वर्ष के बजट में अनेक योजनाएं आरम्भ की है। उन्होंने कहा कि सरकार ने निर्णय लिया है कि किसानों की फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए कांटेदार तार लगाने हेतु 50 प्रतिशत अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए हर सम्भव कदम उठाए जा रहे है। उन्होंने कहा कि 1.20 लाख परिवार जो केन्द्र सरकार की उज्ज्वला योजना के तहत नहीं आते हैं उनको राज्य सरकार द्वारा गृहिणी सुविधा योजना के तहत रसोई गैस सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही। इसी तरह, स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए केन्द्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत जो परिवार शामिल नहीं हुए हैं उन्हें राज्य सरकार की हिम केयर योजना के तहत लाया गया है।
जय राम ठाकुर ने नम्होल की पुलिस पोस्ट को स्तरोन्नत कर पुलिस स्टेशन तथा जुखाला में पुलिस पोस्ट खोलने की घोषणा की। उन्होंने खारसी में पटवार सर्कल तथा मारकण्डे से शिमला के लिए वाया नेरी बस सेवा शुरू करने की भी घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रानीकोटला में विज्ञान ब्लॉक के निर्माण की भी घोषणा की।
इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने ब्रहमपुखर-शैली सड़क तथा दियोट से लग-घाट सम्पर्क सड़क के स्तरोन्नयन के लिए क्रमशः 8.59 करोड़ व 5.86 करोड़ रुपये की लागत से पूरा करने के लिए भूमि पूजन किया।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की कम वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 5.02 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33ध्11 केवी सब स्टेशन की आधारशिला भी रखी।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि पूर्व राज्य सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए मात्र खाली घोषणाएं ही की है और धरातल पर कुछ भी नहीं हुआ उन्होंने कहा कि 33ध्11 केवी सब स्टेशन दो वर्ष की अवधि में पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रही है और गांवों को सोलर लाईटों से जगमगाने के लिए कदम उठाए जा रहे है।
सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि केन्द्र सरकार ने वर्ष 2014 में बिलासपुर के लिए एम्स स्वीकृत किया था, परन्तु पूर्व राज्य सरकार इस प्रतिष्ठित संस्थान के लिए भूमि उपलब्ध नही करवा सकी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब इसके लिए भूमि उपलब्ध करवाई है और 1300 करोड़ रुपये की लागत से यह संस्थान दो वर्षो में बनकर तैयार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रदेश सरकार कांगड़ा जिला में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के लिए भी उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाने में असमर्थ रही। उन्हांने कहा कि केन्द्र सरकार प्रदेश की विकासात्मक जरूरतों के प्रति हमेशा उदार रही है, परन्तु पूर्व सरकार ने इस दिशा में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने बिलासपुर के लिए हाईड्रो इंजनियरिंग कॉलेज भी स्वीकृत किया है। उन्होंने इस अवसर पर केन्द्र सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्य लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के गतिशील नेतृत्व में गत एक वर्ष के दौरान अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपना कार्यभार सम्भालते ही सामाजिक सुरक्षा पैंशन को बिना किसी आय सीमा के आयु सीमा को 80 वर्ष से घटाकर 70 वर्ष किया है। उन्होंने कहा कि गृहिणी सुविधा योजना से न केवल महिलाओं को लाभान्वित किया है, परन्तु पर्यावरण का बचाव भी हुआ है। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को रखा और मुख्यमंत्री का विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की आधारशिला रखने पर धन्यवाद किया।
विधायक सुभाष ठाकुर, जे.आर. कटवाल एवं राजेन्द्र गर्ग, स्थानीय पंचायत प्रधान अनिता ठाकुर, उपायुक्त बिलासपुर विवेक भाटिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *