
सुरक्षा एजेंसियों की चूक का मतलब सरकार की चूक
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने प्रैस को जारी बयान में पाकिस्तान पर हुई कथित एरियल स्ट्राईक को लेकर मचे घमासान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस एरियल स्ट्राईक के सबूत मांग रही है तो बुरा क्या है, क्योंकि केंद्र सरकार के ही मंत्री स्वयं केंद्र सरकार के दावों को झूठा साबित कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भारतीय सेना के पराक्रम में रत्ती भर संदेह नहीं है। लेकिन चुनावी समर में इस प्रकार के शिगूफे छोड़ कर राजनैतिक लाभ लेना बिलकुल गलत बात है। उन्होंने कहा कि पुलवामा हादसे में 44 शहीदों पर उन्हें पूरा गर्व है। लेकिन भाजपा सरकार को इस बात के लिए भी जबावदेही देनी होगी कि किन हालातों में इतनी ज्यादा मात्रा में विस्फोटक सामग्री किस प्रकार जेएंडके के भीतर पहुंची और इसने भयावह हादसे को अंजाम दे दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियों की चूक का मतलब सरकार की चूक है। ऐसे हालातों में केंद्र सरकार की कार्यवाही सवालों के कटघरे में है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस कार्यकाल में पड़ोसी मुल्क के हौंसले और बुलंद हुए है तथा सरहद पर शहादत के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। इसके अलावा मंहगाई को रोकने का दावा करने वाली मोदी सरकार पूरी तरह से विफल रही है। बंबर ठाकुर ने कहा कि नोटबंदी के दौरान देश की हालत पतली करने के लिए यह सरकार पूरी जिम्मेवार है। बेरोजगारी का आंकड़ा कम होने की बजाए और बढ़ता जा रहा है। लेकिन सरकार के पास बेरोजगारी मिटाने के लिए कोई नीति नहीं है और न ही कोई योजना। इन पांच सालों में देश की जनता का मोह मोदी सरकार से भंग हो चुका है जबकि अखिल भारतीय कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में मध्य प्रदेश और राजस्थान का ट्रेलर दुनिया देख चुकी है। उन्होंने बताया कि आगामी लोकसभा चुनावों में एक बार फिर देश की जनता सुशासन को मद्देनजर रखते हुए कांग्रेस को प्रचंड बहुमत से विजय बनाएगी।
