• Sun. Feb 1st, 2026

टिक्कर उप-तहसील को स्तरोन्नत करने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया

Byjanadmin

Jun 7, 2019

मुख्यमंत्री द्वारा टिक्कर क्षेत्र में मुख्यमंत्री लोक भवन के निर्माण करने का आश्वासन

जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा अब तक जो क्षेत्र विकास की गति में पिछड़े हुए हैं उनपर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह बात आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सरकारी आवास ओक ओवर में जुब्बल- नावर- कोटखाई विधानसभा क्षेत्र से आए प्रतिनिधि मंडल को सम्बोधित करते हुए कही। इस प्रतिनिधि मंडल ने उप तहसील टिक्कर को तहसील का दर्जा देने पर मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के चारां संसदीय क्षेत्रों में भाजपा के प्रत्याशियों को अभूतपूर्व एवं अप्रत्याशित बहुमत दिलवाने के लिए प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया । उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को 69 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं तथा कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार किशन कपूर को 72 प्रतिशत वोट प्राप्त हुए हैं जो देश में सबसे अधिक है। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सेब उत्पादकों के हितों की रक्षा करने के प्रति भी वचनबद्ध है तथा कहा कि राज्य सरकार किसानों को उनके उत्पाद का उचित दाम दिलवाने में हर सम्भव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि यद्यपि टिक्क्र उप तहसील में केवल आठ पंचायतें ही आती है लेकिन कठिन भौगोलिक परिस्थिति तथा मौसम की कठोरता के दृष्टिगत जनता के कल्याण हेतु तहसील बनाने का फैसला लेना अत्यंत आवश्यक था। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के साथ- साथ सड़क सुविधाओं में भी सुदृढीकरण किया जाएगा तथा आई.टी.आई भवन निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि टिक्कर क्षेत्र में मुख्यमंत्री लोक भवन का निर्माण भी किया जाएगा। भाजपा के मुख्य सचेतक एवं विधायक नरेन्द्र बरागटा ने जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के विकास की ओर विशेष ध्यान देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर महापौर नगर निगम शिमला कुसुम सदरेट, उपाध्यक्ष, नागरिक आपूर्ति निगम बलदेव तोमर तथा क्षेत्र के अन्य नेता भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *