शहर में भक्तिमय गीत संगीत और भजनों के बीच भव्य शोभायात्रा का आयोजन
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
डियारा सेक्टर में होने वाली विशाल भगवती जागरण में शनिवार सुबह विभिन्न शक्तिपीठों से माता रानी की 11 अखंड ज्योतियां बिलासपुर पहुंची। शहर में भक्तिमय गीत संगीत और भजनों के बीच भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह जानकारी देते हुए आयोजक अजय राही ने बताया कि शनिवार को मां नवदुर्गा संकीर्तण मंडल के बैनर तले डियारा सेक्टर में इस बार 21वें विशाल भगवती जागरण का आयोजन किया गया। नगर परिषद के प्रांगण में हर साल होने वाले इस जागरण की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। अजय राही ने बताया कि इस बार देवी मां की 11 पावन ज्योतियों को विभिन्न धार्मिक तीर्थ स्थलों से लाया गया। जिनमें मां श्री नयना देवी जी, मां श्री ज्वाला जी, मां श्री चिंतपूर्णी जी, मां श्री चांमुडा देवी जी, मां श्री ब्रजेश्वरी जी, मां श्री वैष्णों देवी जी, मां श्री बड़ोल देवी जी, मां श्री जालपा देवी जी, मां श्री कालका देवी जी, मां श्री शाकुंभरी देवी जी से पावन ज्योतियां शामिल रही। इस शोभायात्रा में सैंकड़ों महिला पुरूष और युवाओं ने भाग लिया। राही ने बताया कि विभिन्न धार्मिक स्थलों से सादर लाई गई ज्योतियों का रात्रि ठहराव घुमारवीं के समीप मां भगवती मंदिर बल्लू में किया गया तथा शनिवार सुबह आठ बजे भव्य शोभायात्रा की शक्ल में सभी देवियां आयोजन स्थल के लिए पहुंची। डियारा सेक्टर में स्थित बाबा विश्वकर्मा मंदिर में पावन च्योतियों को रखा गया। जहां पर लोगों ने देवियों के दर्शन किए।

