• Thu. Jun 18th, 2026

गोहर हास्पिटल में महिला ने स्वेच्छा से साफ किए शौचालय

Byjanadmin

Jun 10, 2019

ठाकरी देवी की मां का गोहर हास्पिटल में चल रहा है उपचार

हास्पिटल के प्रभारी डा. कुलदीप ने जताया महिला का आभार

जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
सिविल हास्पिटल गोहर में अपनी माता के उपचार के लिए आई महिला ने वार्ड के शौचालयों की स्वेच्छा से सफाई करके एक नई मिसाल पेश की है। 44 वर्षीय ठाकरी देवी पत्नी लीलाधर गांव चुडारा, डाकघर नांडी तहसील गोहर की रहने वाली है। ठाकरी देवी की माता का गोहर हास्पिटल में बीते एक सप्ताह से उपचार चल रहा है और वह महिला वार्ड में भर्ती है। गोहर हास्पिटल में सफाई कर्मियों के सभी पद खाली चल रहे हैं जिस कारण हास्पिटल की सफाई व्यवस्था बूरी तरह से चरमरा गई है।

ठाकरी देवी

रविवार को ठाकरी देवी ने महिला वार्ड के शौचालयों में पसरी गंदगी देखी तो उससे रहा नहीं गया। पोछा और बाल्टी उठाकर शौचालयों की स्वेच्छा से सफाई कर डाली। ठाकरी देवी से जब इस बारे में बात की गई तो उसने बताया कि गंदगी के कारण वार्ड के सभी मरीजों को दिक्कतें आ रही थी लेकिन सफाई के लिए कोई कर्मी मौजूद नहीं था जिस कारण खुद ही सफाई करने की सोची। ठाकरी देवी के इस कार्य की वार्ड में उपचाराधीन सभी मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों ने जमकर प्रशंसा की। वहीं जब इस बारे में सिविल हास्पिटल गोहर के प्रभारी डा. कुलदीप शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि अस्पताल में सफाई कर्मियों सहित अन्य पद खाली चल रहे हैं जिसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है। उन्होंने ठाकरी देवी द्वारा स्वेच्छा से किए कार्य की प्रशंसा की और उसे इसके लिए बधाई दी। वहीं गोहर उपमंडल के लोगों ने सरकार से यहां खाली चल रहे पदों को जल्द भरने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *