जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
विधान सभा क्षेत्र झण्डुता में 16 जून को आयोजित होने वाले जनमंच कार्यक्रम के लिए चिन्ह्ति पंचायतों के लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे जागरूक करने के लिए डमली और बैहना जट्टा के लोगों के लिए प्री जनमंच शिविर का आयोजन पंचायतघर डमली और बैहना जट्टा में किया गया। प्री-जनमंच शिविर की अध्यक्षता उपमण्डल अधिकारी झण्डुता विकास शर्मा ने की। उन्होनें शिविर में सम्बन्धित विभागों के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर आम लोगों को जागरूक किया तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए पे्ररित किया। उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है तथा इस कार्यक्रम के तहत लोगों की समस्याओं का घरद्वार पर निपटारा सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समस्याओं से सम्बन्धित आवेदन पत्र प्री-जनमंच शिविर में भी दिए जा सकते हैं ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका निपटारा किया जा सके। उन्होने बताया कि प्री-जनमंच शिविर में 14 शिकायतें विभिन्न विभागों से सम्बन्धित प्राप्त हुई। उन्होंने सम्बन्धित पंचायत के लोगों से आग्रह किया कि अपनी समस्याओं व शिकायतों से सम्बन्धित आवेदन पत्र अपने पंचायत सचिवों के पास आॅनलाईन पंजीकृत करवाना सुनिश्चित कर लें ताकि जनमंच कार्यक्रम से पूर्व उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को बताया कि जनमंच कार्यक्रम में हिमाचली प्रमाण पत्र, अनुसुचित जाति एवं जन जाति प्रमाण पत्र, आमदनी प्रमाण पत्र, राजस्व रिकार्ड (एक्स मुसावी के अलावा) की नक्ल, बागवानी कार्ड आदि के अलावा विधवा एवं वृद्धावस्था पैंशन, मकान की मुरम्मत हेतु आर्थिक मदद, विधिक सहायता, बन्दूक या वाहन चालक लाईसैंस को जारी करने हेतु दस्तावेजी प्रक्रिया तथा लाईसैंस नवीनीकरण, जमीन का इन्तकाल, जन्म तथा मुत्यु पंजीकरण, राशन कार्ड बनाए जाएगें। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना, हिम् केयर योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जनमंच कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य, आयुर्वेदिक विभाग द्वारा निशुल्क स्वास्थ्य शिविर भी लगाया जाएगा जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच के अतिरिक्त निशुल्क दवाईयां भी वितरित की जाएंगी। इस अवसर पर कृषि विभाग से एसएमएस अशोक कुमार, पशु पालन विभाग से पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ शशि शर्मा, तहसील कल्याण अधिकारी कमल कान्त, उद्योग विभाग से प्रसार अधिकारी उद्योग दकेश्वर ठाकुर, निरीक्षक खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति कंवलप्रीत कौर, उद्यान विभाग से एसएमएस कुलदीप शारदा, मत्स्य अधिकारी हितेश कुमार, कृषि विकास अधिकारी रविन्द्र ठाकुर, ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में लोगों को जागरूक किया तथा इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित भी किया। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रोशन लाल, एसडीओ. आईपीएच. सुरेंद्र ठाकुर, एसइबीपीओ आनंद स्वरूप, प्रधान प्रेम लाल चैधरी, पंचायत सचिव राकेश कुमार, विभागों के अधिकारियों सहित कर्मचारी उपस्थित थे।

