
जनवक्ता डेस्क, बिलासपुर
वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार जहां नागरिकों को उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करने का प्रयास कर रही है वहीं सेवा प्रदाता सरकारी कर्मचारियों के हितों की भी रक्षा कर रही है। इसी कड़ी में हिमाचल पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों को प्रदेश की जयराम सरकार ने गत् डेढ़ वर्ष में अनेकों वित्तीय लाभ प्रदान किए हैं जो कर्मचारियों की मांगों के बावजूद लम्बे समय से लम्बित थे। परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति लाभ वर्ष 2015 से देय थे जिन्हें वर्तमान सरकार ने 15 माह के कार्यकाल में चरणबद्ध तरीके से 31 दिसम्बर 2018 तक सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के हित में जारी किया जा चुका हैं। परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन निगम के कर्मचारियों को देय महंगाई भत्ता वर्ष 2015 से लम्बित था जिसमें प्रदेश सरकार ने 21 प्रतिशत की बढ़ौतरी कर 134 प्रतिशत कर दिया है जिससे परिवहन निगम पर 12 करोड़ का अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ा है। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्तमान में परिवहन निगम जनवरी, 2019 तक सेवानिवृत्त हुए सभी कर्मचारियों को नियमित पेंशन प्रदान कर रही है तथा इसे हर माह की 20 तारीख से पहले प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं जो इस सरकार की एक बड़ी उपलब्धि है।= गत् एक वर्ष में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हित में करीब 11 करोड़ रूपये के वित्तीय लाभ प्रदान किए जा चुके हैं तथा 31 दिसम्बर, 2016 तक हुए सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के 15 करोड़ के लाभ 31 जुलाई से पूर्व जारी करने के निर्देश निगम प्रबन्धन को दिए जा चुके हैं। गोविन्द सिंह ठाकुर ने कहा कि भविष्य में कर्मचारियों को नियमित पेंशन लाभ प्रदान करने के उद्देश्य से निगम में एक अलग पेंशन कोष स्थापित किया गया है जिसमें निगम को होने वाली आय का एक भाग कर्मचारियों की पेंशन के लिए सुरक्षित रखा जा रहा है।परिवहन मंत्री ने कहा कि परिवहन निमग के कर्मचारियों के चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए 3 करोड़ की राशि जारी की जा चुकी है तथा वर्तमान में लंबित चिकित्सा बिलों के जल्द भुगतान के निर्देश निगम प्रबन्धन को दिए जा चुके है इसके अतिरिक्त निगम की कार्यशालाओं तथा रेस्ट रूम में कर्मचारियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही है जिससे इनकी कार्यकुशलता में वृद्धि हो। परिवहन मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विभिन्न माध्यमों से निगम की कार्यकुशलता में इजाफा हुआ है जिसके परिणामस्वरूप निगम की आय में गत् वर्ष के मुकाबले करीब 12 प्रतिशत की अधिक वृद्धि हुई है।
