कृति खरबंदा और पुलकित सम्राट काफी समय से रिलेशनशिप में हैं और कोरोना वायरस की वजह से देश में लगे लॉकडाउन के बीच भी एक-दूसरे के साथ ही समय गुजार रहे हैं. इस बीच खबर है कि अब सलमान खान के प्रोडक्शन तले बनने जा रही फिल्म बुलबुल मैरिज हॉल में भी दोनों साथ दिखाई देंगे. इस फिल्म में पुलकित सम्राट और कृति खरबंदा कपल की भूमिका निभाते दिखाई देंगे. पुलकित और कृति के साथ ही इस फिल्म में सुनील ग्रोवर और डेजी शाह भी दिखाई देंगे. बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग पहले अप्रैल से शुरू होने वाली थी, लेकिन कोरोना वायरस के चलते देश में लगे लॉकडाउन की वजह से इसे आगे बढ़ा दिया गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म कहानी उत्तर प्रदेश के लखनऊ पर आधारित है और एक शादी के इर्द-गिर्द घूमती है. जिसमें दो कपल कृति खरबंदा-पुलकित सम्राट और संभवत: डेजी शाह और सुनील ग्रोवर हो सकते हैं. बता दें सुनील ग्रोवर इससे पहले भारत में सलमान खान के साथ काम कर चुके हैं. कथित तौर पर फिल्म का निर्देशन रोहित नय्यर कर रहे हैं और आयुष्मान खुराना की फिल्म ड्रीम गर्ल के डायरेक्टर राज शांडिल्य फिल्म के डायलॉग लिख सकते हैं.
बता दें कि बुलबुल मैरिज हॉल से पहले सलमान खान चिल्लर पार्टी, बजरंगी भाईजान, लवयात्री और नोटबुक जैसी कई फिल्मों का निर्माण कर चुके हैं. वहीं वह खुद भी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म राधे: योर मोस्ट वॉन्टेड भाई की तैयारी में जुटे हैं. सलमान खान की यह फिल्म पहले ईद पर रिलीज होनी थी, लेकिन लॉकडाउन के चलते जब इस फिल्म की शूटिंग बंद है तो फिल्म की रिलीज डेट को भी आगे बढ़ा दिया गया है. हालांकि, अभी तक इस फिल्म की नई रिलीज डेट सामने नहीं आई है.
००
सलमान की बुलबुल मैरिज हॉल में साथ नजर आएंगे कृति खरबंदा-पुलकित सम्राट!
