• Thu. Jun 18th, 2026

रणबीर और श्रद्धा अभिनीत लव रंजन की फिल्म की शूटिंग 20 जून से होगी शुरू

ByJanwaqta Live

Jun 15, 2021
रणबीर और श्रद्धा अभिनीत लव रंजन की फिल्म की शूटिंग 20 जून से होगी शुरू

देश में काफी दिनों से कोरोना के मामलों में कमी देखने को मिल रही है। हालात काबू में होने के बाद कई राज्यों ने लॉकडाउन के प्रतिबंधों में ढील दी है। उम्मीद है कि कुछ दिनों में महाराष्ट्र में भी फिल्मों की शूटिंग की इजाजत मिल जाएगी। अब रणबीर कपूर और श्रद्धा कपूर अभिनीत लव रंजन की आगामी फिल्म को लेकर एक जानकारी सामने आई है। खबरों की मानें तो फिल्म की शूटिंग 20 जून से शुरू हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर और श्रद्धा अभिनीत लव की फिल्म का शूटिंग शेड्यूल 20 जून से शुरू हो सकता है। बताया जा रहा है कि लव और उनकी टीम 20 जून से फिल्म की शूटिंग शुरू करने की योजना पर काम कर रही है। फिल्म के आगामी शेड्यूल में लव फिल्म के भावनात्मक दृश्यों को फिल्माएंगे। इसमें मुख्य भूमिका में बोनी कपूर और डिंपल कपाडिय़ा हैं। ये दोनों रणबीर के पैरेंट्स की भूमिका में दिखेंगे।
सूत्र की मानें तो फिल्म के तीसरे शेड्यूल की शूटिंग दिल्ली या उत्तर प्रदेश में हो सकती है। यह राज्य में लगे लॉकडाउन के प्रतिबंधों पर निर्भर करेगा। इन राज्यों में शूटिंग के लिए लाइव लोकेशंस की आवश्यकता होगी। इस फिल्म के छोटे-से हिस्से को स्पेन में फिल्माया जाएगा। मेकर्स भारत के हिस्से की शूटिंग जल्द खत्म करने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद फिल्म की टीम सितंबर में यूरोपीय देश के लिए उड़ान भरेगी।
फिल्म का शीर्षक निर्धारित नहीं किया है। यह फिल्म अगले साल मार्च में होली के मौके पर 18 मार्च को रिलीज होगी। फिल्म का निर्माण लव और अंकुर गर्ग करेंगे। इससे पहले लव प्यार का पंचनामा और कॉमेडी रोमांस फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी का निर्देशन कर चुके हैं। लव पहली बार इस फिल्म में रणबीर और श्रद्धा के साथ काम करने जा रहे हैं। रणबीर और श्रद्धा की जोड़ी को भी किसी फिल्म में पहली बार देखा जाएगा।
श्रद्धा कपूर इस साल अपनी आगामी फिल्म स्त्री 2 में नजर आ सकती हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता राजकुमार राव दिखेंगे। यह फिल्म इसी साल रिलीज हो सकती है। रणबीर की आगामी फिल्मों की बात करें तो वह अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म ब्रह्मास्त्र को लेकर चर्चा में हैं। इसके बाद वह करण मल्होत्रा की शमशेरा में दिखेंगे। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त और वाणी कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *