• Sat. Jan 24th, 2026

पार्टी कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेकर रिपोर्ट होगी तैयार

ByJanwaqta Live

Sep 7, 2025

रुद्रप्रयाग,। कांग्रेस “संगठन सृजन अभियान“ के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से नियुक्त आब्जर्बर हिम्मत सिंह पटेल तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तीन आब्जर्वरस शान्ति प्रसाद भट्ट, नीरज त्यागी, प्रकाश रावत छः दिवसीय दौरे पर रुद्रप्रयाग पहुंचे हैं। जिला मुख्यालय आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सभी आब्जर्वरस का स्वागत किया।
शनिवार को जिला मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए एआईसीसी अब्जॉर्बर हिम्मत पटेल एवं तीनों ऑब्जर्बरस ने स्थानीय नेताओं की उपस्थिति में संगठन सृजन अभियान की विस्तृत जानकारी रखते हुए कहा कि “कांग्रेस पार्टी देशभर में “संगठन सृजन अभियान“ के तहत प्रत्येक जनपद में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर पारदर्शी तरीके से संगठन के लिए अभिप्राय लिया जायेगा और फिर विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर सभी पहलुओं पर विचार विमर्श कर केंद्रीय नेतृत्व जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की घोषणा करेंगे। एआईसीसी अब्जॉर्बर एवं पूर्व विधायक हिम्मत पटेल ने कहा कि हमारा उद्देश्य संगठन को मजबूत करते हुए कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा करने का है।
उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत रुद्रप्रयाग के पांचों संगठनात्मक ब्लॉकों में आब्जर्वरस जायेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से फीड बैक लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जिनमें पूर्व व वर्तमान सांसद, विधायक, एवं सांसद, विधायक के प्रत्याशी रहे नेतागणों तथा वर्तमान और पूर्व पार्टी पदाधिकारियों सहित त्रिस्तरीय पंचायत, स्थानीय निकाय के वर्तमान तथा पूर्व जनप्रतिनिधियों से भी समन्वय स्थापित कर विचार विमर्श किया जायेगा।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के आब्जर्वर शान्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड में आपदाओं ने प्रदेश को खंड-खंड करके रख दिया है। पहले धराली फिर थराली और उसके बाद रुद्रप्रयाग जनपद आपदा से बहुत ज्यादा प्रभावित हुआ है। ये सभी केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियों के कारण हुआ है। हिमालय क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य के चलते आपदाएं तांडव मचा रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में समय से कोई भी कार्य नहीं किए जा रहे हैं। विपक्ष के आवाज उठाने के बाद ही प्रशासन, शासन औ सरकार जाग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की भ्रष्ट नीतियों ने प्रदेश को उजाड़ कर रख दिया है। कांग्रेस संगठन का विस्तार होने के बाद बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और जनता को भ्रष्ट सरकार की एक-एक सच्चाई से वाकिफ कराया जाएगा। प्रदेश महामंत्री नीरज त्यागी ने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए हर कार्यकर्ता का जमीनी स्तर पर कार्य करना जरूरी है। ऐसे में रुद्रप्रयाग में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद उनकी समस्याओं को सुना जाएगा। आने वाले समय में कांग्रेस फिर से उत्तराखण्ड में मजबूती के साथ जनता के बीच खड़ी होगी। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री नीरज त्यागी, प्रकाश रावत, जिलाध्यक्ष कुंवर सिंह सजवान, ईश्वर बिष्ट, पूर्व विधान सभा प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल, प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी, ब्लॉक प्रमुख जखोली विनीता चमोली, पूर्व प्रमुख विजया देवी, पीसीसी सदस्य अर्जुन गहरवार, लक्ष्मण रावत, महावीर चौधरी, दीपक भंडारी के अलावा अनेकों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *