• Fri. Nov 6th, 2026

श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही

ByJanwaqta Live

Oct 29, 2026

देहरादून,। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फीली वादियों में तब्दील नजर आ रहा है। बर्फबारी से जहां बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे हैं, वहीं तापमान में गिरावट के चलते उन्हें कड़ाके की ठंड का सामना भी करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से धाम में अलाव की व्यवस्था की गई है। गुरुवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने करवट बदली। जिले के कई क्षेत्रों में बारिश होने लगी, जबकि केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। तीन दिन पहले भी धाम में बर्फबारी हुई थी। अब दोबारा बर्फ गिरने से ठंड और बढ़ गई है। धाम की पहाड़ियों पर चारों ओर बर्फ नजर आ रही है। बदलते मौसम के बीच यहां पहुंच रहे श्रद्धालुओं को ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।
केदारनाथ धाम में मौसम के लगातार बदलते मिजाज को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं से सतर्कता बरतने की अपील कर रहा है। यात्रा पर आने वाले यात्रियों को गर्म कपड़े, जैकेट, दस्ताने, टोपी और आवश्यक दवाइयां साथ रखने की सलाह दी जा रही है, ताकि ठंड के कारण किसी तरह की परेशानी न हो। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा पर आने से पहले मौसम की स्थिति और संबंधित विभागों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी अवश्य लें।
ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखें। मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक जोखिम न उठाएं और प्रशासन एवं पुलिस की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का जोर है कि श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के साथ अपनी सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखें, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। देहरादून मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और तेज अंधड़ को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं करीब 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। प्रदेश के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है। इसके साथ ही झोंकेदार हवाएं (अंधड़) (30-40 किमी प्रति घंटा) की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *