• Mon. Apr 27th, 2026

सभी लें सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का प्रण : डॉ. सैजल

Byjanadmin

Oct 18, 2018

जनवक्ता ब्यूरो सोलन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम ने अपने जीवन के माध्यम से सभी को मर्यादित जीवन जीने एवं बुराईयों से लड़ने की सीख दी तथा हम सभी को भगवान श्री राम का अनुसरण करते हुए सामाजिक कुरीतियों को दूर करने का प्रण लेना होगा। डॉ. सैजल गत रात्रि यहां जगदम्बा रामलीला क्लब द्वारा आयोजित रामलीला के अवसर पर उपस्थित भक्तजनों को सम्बोधित कर रहे थे।

डॉ. सैजल ने कहा कि श्री राम ने न केवल आसुरी एवं आततायी शक्तियों को समाप्त किया अपितु सम्पूर्ण मानव जाति को मर्यादित आचरण एवं सत्य के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुछ सामाजिक कुरीतियों का समूल नाश किया जाना आवश्यक है। इसके लिए सभी को अपनी सामर्थ्य अनुसार कुरीतियों एवं बुराईयों को समाप्त करने का बीड़ा उठाना होगा। उन्होंने कहा कि सभी को सनातन संस्कृति को सहेज कर रखने की दिशा में भी कार्य करना होगा। सनातन संस्कृति एकता की संस्कृति है तथा यह देश को भावनात्मक रूप से जोड़ती है।

डॉ. सैजल ने सभी से आग्रह किया कि वे स्वच्छता अभियान जैसे देश एवं मानव जाति के कल्याण के लिए कार्यान्वित किए जा रहे अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग दें।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने सभी को नवरात्रि की बधाई दी तथा आशा जताई कि यह पर्व सभी के जीवन में उल्लास एवं समृद्धि लेकर आएगा। उन्होंने रामलीला के नियमित एवं श्रेष्ठ मंचन के लिए जगदम्बा रामलीला क्लब को बधाई दी। उन्होंने क्लब को अपनी एच्छिक निधि से 21,000 रुपए प्रदान करने की घोषणा भी की।

राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. डेजी ठाकुर, बघाट बैंक के अध्यक्ष पवन गुप्ता, व्यापार मण्डल सोलन के अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, भाजपा मण्डल सोलन के महामन्त्री नरेन्द्र ठाकुर, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भरत साहनी, पार्षद रूसी आहलूवालिया, मधु कौशिक, गौरव राजपूत, नरेश गांधी, जगदम्बा रामलीला क्लब के निर्देशक हरीश मारवाह, अन्य सदस्य, अन्य गणमान्य व्यक्ति, भाजपा तथा भाजयुमो के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *