दिनेश लाकडा की अध्यक्षता में उद्यमियों ने दिए सुझाव
जनवक्ता ब्यूरो, बद्दी
श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा को लेकर बने ईएसआई बोर्ड में विभिन्न सुझाव व मांगों को लेकर लघु उद्योग भारती का एक प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में निगम के महानिदेशक राजकुमार तथा उनकी टीम को मिला। उत्तर भारत के उद्यमियों के इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ईएसआई बोर्ड के सदस्य व उद्योगपति दिनेश लाकडा राष्ट्रीय सचिव लघु उद्योग भारती ने किया। हिमाचल प्रदेश की ओर से संगठन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कोजी ऑटो के निदेशक नेत्र प्रकाश कौशिक व ल्यूब की ईएसआई/पीएफ कमेटी के चेयरमैन तथा एम.पी टैक्नीकल सोल्यूशन कंपनी मंधाला के मानव संसाधन जनरल मैनेजर कश्मीर सिंह ठाकुर ने शिरकत की। राष्ट्रीय सचिव दिनेश लाकडा ने बैठक में जहां ईएसआई के हितलाभ धारक कामगारों के हितों का मुददा उठाया वहीं धनवंतरी मोबाईल एप्प के संचालन व मजूदरों के क्षेत्र में उनके निकटवर्ती एमबीबीएस चिकित्सकों को मैडीकल व उपचार के लिए अधिकृत करने का आग्रह किया गया। इसके अलावा लघु उद्योग भारती के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष नेत्र प्रकाश कौशिक ने प्रांत से जुडे विभिन्न मुददों पर विस्तार से चर्चा की और हिमाचल का पक्ष रखा। इसके अलावा ल्यूब बद्दी ईएसआई कमेटी के चेयरमैन कश्मीर सिंह ठाकुर ने ईएसआई नियमों का सरलीकरण करके ज्यादा से ज्यादा मजूदरों तक इसका लाभ पहुंचाने का आग्रह किया ताकि काम आय वर्ग के कामगार भी स्वास्थ्य सुविधाओं का भरपूर लाभ उठा सके। इस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय सचिव लघु उद्योग भारती दिनेश लाकडा के अलावा पंजाब इकाई के अध्यक्ष अरविंद धूमल, डेराबस्सी इकाई के अध्यक्ष अनिल शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश गुप्ता, हिमाचल इकाई के वरिष्ठ उपप्रधान एन.पी कौशिक, ईएसआई पीएफ कमेटी के चेयरमैन कश्मीर सिंह ठाकुर, चंडीगढ़ इकाई के उपाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, दिल्ली इकाई के कार्यकारिणी सदस्य अमित अग्रवाल ने भी अपने विचार रखे तथा योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

