पहले ही तरह होने चाहिए पंचायतों के काम
एसडीएम के माध्यम से प्रदेश सरकार को भेजा ज्ञापन
जनवक्ता ब्यूरो, नालागढ़
पंचायतों में अब विकास के काम ई-टेंडरिंग से करवाने पर पंचायत प्रधान एसोसिएशन ने कड़ा विरोध जताते हुए सरकार को इसे तुरंत प्रभाव से बंद करने के लिए ज्ञापन सौंपा है। विकास खंड नालागढ़ पंचायत प्रधान एसोसिएशन के अध्यक्ष पोलाराम चौधरी की अध्यक्षता में पंचायत प्रधानों की बैठक का आयोजन हुआ, जिसमें विकास खंड नालागढ़ की 69 पंचायतों के प्रधान की मौजूदगी में इस संबंध में प्रस्ताव पारित किया गया और एसडीएम नालागढ़ के माध्यम से इसे प्रदेश सरकार को आगामी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। बैठक में प्रधान जोगिंद्र पाल जिंदू, इंदु ठाकुर रडियाली, कमला देवी, शकुंतला देवी, संतोष कुमारी, कुलदीप कौर, किरण भल्ला, सीमा देवी, जीत कौर, रमेश चौधरी, सिकंदर सिंह, विजय कुमार, प्रेम सिंह, पवन चंद, गुरप्रताप सिंह, विमल कुमार, कमल कुमार, मोहन सिंह, श्याम लाल आदि मौजूद रहे। पंचायत प्रधान एसोसिएशन के प्रधान पोलाराम चौधरी व वरिष्ठ सदस्य इंदु ठाकुर ने कहा कि बैठक में समस्त पंचायतों के प्रधानों ने ई-टेंडरिंग का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों के माध्यम से पंचायतों में काम करवाने पर गुणवत्ता रखना पंचायतों के लिए मुश्किल होगा, वहीं पंचायतों में लोगों की जरूरतों के अनुसार पंचायतें काम नहीं कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि पंचायतों में जिस प्रकार से अभी तक काम चल रहा है, वैसे ही काम होते रहने चाहिए और ई-टेंडरिंग नहीं होनी चाहिए। एसडीएम प्रशांत देष्टा ने कहा कि उनको जो ज्ञापन दिया गया है उसको वो प्रदेश सरकार को भेज रहे हैं।

