लोगों ने इस निधन को अपूर्णीय क्षति करार दिया
जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
नगर के डियारा सेक्टर के रहने वाले समाज सेवी एवं वरिष्ठ कलाकार रमेश हंस का बीती रात उनके निवास स्थान पर निधन हो गया। रमेश हंस काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। बिलासपुर में होने वाली सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियों में लंबे समय से जुड़े रहे रमेश हंस किसी पहचान के मोहताज नहीं है। यही नहीं श्मशानघाट में सभी कार्यों को अपने सहयोगी स्वर्गीय संत राम चौहान के साथ पूरा करने के लिए इनका समाज में योगदान अतुलनीय रहा है। उल्लेखनीय है कि जब भी किसी प्रकार में इस प्रकार की विपत्ति आती थी तो स्वर्गीय रमेश हंस और स्वर्गीय मास्टर संत राम चौहान घर से लेकर श्मशानघाट तक की सभी औपचारिकताओं को पूरा करते थे, यही नहीं यह सभी कार्य वे निस्वार्थ भाव से करते थे। इनके साथ ही यह परंपरा भी विलुप्त हो गई, क्योंकि अब युवा पीढ़ी के पास इतना समय शेष नहीं है। इसके साथ ही पुराने जलमग्न शहर की ऐतिहासिक धरोहर रामलीला में भी रमेश हंस ने कई किरदारों का जीवंत प्रदर्शन कर उन्हें यादगार बनाया है। काफी दशकों तक श्री राम नाटक समिति से जुड़े रहे रमेश हंस कार्यकारिणी के अहम पदों पर रहे तथा उन्होंने मंचन के दौरान मंच की सजावट का कार्य बतौर प्रभारी देखा। गौरतलब है कि दस दिनों तक चलने वाले मंचन से एक महीना पहले ही मंच बनाने का काम शुरू हो जाता है तथा रमेश हंस के कुशल एवं अनुभवी मार्गदर्शन में इनके सहयोगी भी इन्हीं की तरह निस्वार्थ भाव से काम करते रहे हैं तथा यह प्रथा बदस्तूर जारी है। शनिवार को उनकी शवयात्रा में शरीक होकर सैंकड़ों लोगों ने अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। नगर के लुहणु के भरतपुर स्थित मोक्ष धाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। वहीं श्री राम नाटक समिति के अध्यक्ष नरेंद्र पंडित, महासचिव मदन कुमार राणा, मदरू राम, मंच प्रभारी संजय कंडेरा, विजय कुमार, विकास पुंडीर, बृजेश कौशल, अतुल खजूरिया, राजेंद्र चंदेल, अनिल मैहता, विनोद शर्मा, सुमित मैहता, मनोज गागट, राजेंद्र वर्मा, परवेज खान, शरद, रितेश सहित अन्य लोगों ने इस निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अपूर्णीय क्षति करार दिया है।
बाक्स
समाजसेवी रमेश हंस के निधन पर श्री नयना देवी जी विस क्षेत्र के विधायक राम लाल ठाकुर, सदर विधायक सुभाष ठाकुर, नप अध्यक्षा सोमा देवी, उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, जिला बाल्मिकी सभा बिलासपुर के प्रधान अशोक कुमार ने रमेश हंस के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति की कामना भगवान राम से की है।

