• Sat. Mar 1st, 2025

पुलिसकर्मियों पर महिलाओं ने किया हमला, महिला कांस्टेबल को बाल पकड़कर घसीटा

Bynewsadmin

Dec 5, 2020

रुद्रपुर: पति की शिकायत पर पत्नी को चैकी में बुलाने के लिए गए पुलिसकर्मियों पर महिलाओं ने हमला कर दिया। हमलावरों ने महिला कांस्टेबल के बाल पकड़कर उसे घसीट दिया और हाथापाई भी की। घटना की वीडियो बना रहे कांस्टेबल का मोबाइल छीनकर उसके साथ अभद्रता की। पुलिस ने मुख्य आरोपित महिला समेत चार लोगों को हिरासत में लिया था।
शनिवार को भूतबंगला निवासी एक युवक ने रम्पुरा पुलिस चैकी में बताया कि 2017 में क्षेत्र की एक युवती से उसका विवाह हुआ था। विवाह के 20 दिन बाद ही पत्नी ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। उसने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज करा दिया था जो अदालत में विचाराधीन है। इसके बाद से दोनों अलग-अलग रहते हैं। युवक ने आरोप लगाया कि शनिवार सुबह पत्नी जबरन घर में घुस गई। शिकायत के बाद रम्पुरा चैकी इंचार्ज केजी मठपाल ने कांस्टेबल लीला आर्या और आसिफ को महिला को बुलाने के लिए उसके घर भेजा था। पुलिसकर्मियों को घर में देख महिला ने हंगामा खड़ा कर दिया और आत्महत्या की धमकी भी दे डाली। इसी बीच, एक अन्य महिला भी मौके पर पहुंच गई। आरोप है कि दोनों महिलाओं ने महिला कांस्टेबल से बदसलूकी शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने महिला कांस्टेबल को बाल पकड़कर घसीट दिया। मोबाइल से वीडियो बना रहे कांस्टेबल आसिफ का मोबाइल छीन लिया। दोनों पुलिसकर्मी हमलावरों के चंगुल से बचकर कोतवाली पहुंचे और तहरीर लिखाई। महिला कांस्टेबल ने दो नामजद महिलाओं समेत एक-दो अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाल एनएन पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *