मसूरी,। सेंट जॉर्ज कॉलेज में दो दिवसीय ‘मैनरफेस्ट’ प्रतियोगिता का समापन पूरे उत्साह व उल्लास के साथ हो गया। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के काबीना मंत्री सतपाल जी महाराज रहे। सांस्कतिक महोत्सव के अंतिम दिन अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सर्वप्रथम कल आयोजित प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए व विजेता छात्रों को पुरस्कृत किया गया। आज रंगोली, माइम, हिंदी कविता पाठ, खण्ड काव्य प्रतियोगिता व दास्ताने गोईं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जूनियर व सीनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिताएँ रहीं। सभी प्रतियोगिताओं में निर्णायकों के रूप में सुनिता रेखी, विजयलक्ष्मी चिन्ना, अतुल पुंडीर, सुमन तिवारी, शोभा जैन, अनुराधा त्रिवेदी, प्रगति बिष्ट, राहुल नेगी, प्रियंका नेगी, मनोरमा नेगी, मीनल वशिष्ठ, कार्तिकेय बर्थवाल व आयुष कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिताओं में सब-जूनियर वर्ग में शिवन्या मेहर को, जूनियर में रेयान अग्रवाल को, इंटर्स में आदित्य बिरला को व सीनियर में जिदिन लिखा को व्यक्तिगत चौंपियनशिप मिली। मार्थिन्स सदन सर्वाधिक 582 अंक पाकर विजेता घोषित किया गया। कलिंस सदन 490 अंक पाकर द्वितीय स्थान पर व टैपसिल्स सदन 463 अंक पाकर तीसरे स्थान पर रहा। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि काबीना मंत्री सतपाल महाराज ने छात्रों के प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। छात्रों की प्रतिभा को सराहते हुए उन्होंने कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें सेंट जॉर्ज सरीखे विद्यालय में अपनी प्रतिभा को निखारने के अनेक अवसर मिलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन व रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा ऐसे आयोजन आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, भाईचारा व टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने विद्यालय के प्रबंधन, शिक्षकों व अभिभावकों को सफल आयोजन हेतु बधाई देते हुए कहा कि सेंट जॉर्ज कॉलेज सदैव उत्कृष्ट शिक्षा, संस्कार एवं सर्वांगीण विकास का प्रतीक रहा है। समारोह के अंत में प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन ने विजेताओं को बधाई दी और कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को मंच पर अपनी प्रतिभा को निखारने का कोई भी अवसर चूकना नहीं चाहिए क्योंकि हर विद्यार्थी में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। प्रधानाचार्य ब्रदर जयसीलन, उप-प्रधानाचार्य ब्रदर सिल्वानुस करकैटा, सुपीरियर ब्रदर ब्रिटो, कलचरल को-ऑर्डिनेटर दीपाली बल्लभ व भवनेश नेगी के दिशा-निर्देशन में दो दिवसीय ‘मैनरफेस्ट’ प्रतियोगिता का समापन हुआ।
