• Thu. Jan 29th, 2026

पालमपुर को पर्यटन की दृष्टि से किया जाएगा विकसितः मुख्यमंत्री

Byjanadmin

Nov 23, 2018


पालमपुर में कार पार्किंग तथा परिधि गृह का किया जाएगा निर्माण

जनवक्ता ब्यूरो पालमपुर
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा जिला के पालमपुर के नागरी में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पालमपुर क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के प्रयास किए जाएंगे और हिमानी चामुण्डा तथा पालमपुर रज्जू मार्ग का कार्य शीघ्र आरम्भ किया जाएगा ताकि यह क्षेत्र पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बनकर उभरे और अधिक से अधिक पर्यटक क्षेत्र के भ्रमण के लिए आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने अपने 10 माह के कार्यकाल के दौरान प्रदेश के सभी क्षेत्रों का सन्तुलित तथा एक समान विकास सुनिश्चित बनाया है और जो क्षेत्र किन्ही कारणों से विकास की दृष्टि से पिछड़ गए थे उन क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास की गति में और तेजी लाने के लिए प्रयासरत है ताकि विकास का लाभ आम लोगों तक पहुंच सके।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कुछ विपक्षी नेता उनके दिल्ली दौरों पर शोर-शराबा करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र के साथ बेहतर समन्वय के चलते ही प्रदेश सरकार केन्द्र से राज्य के लिए 9000 करोड़ रुपये की लागत की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं को स्वीकृत करने में सफल हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान भारत अन्य राष्ट्रों के बीच सुपर पॉवर बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने 25.08 करोड़ रुपये की लागत से पूरी होने वाली घूगर स्थित बिन्दनाला पेयजल योजना का शिलान्यास किया। इससे क्षेत्र की 12 योजनाओं के संवर्धन में सहायता मिलेगी और क्षेत्र की 98 बस्तियों की 67000 जनसंख्या लाभान्वित होगी।
मुख्यमंत्री ने पालमपुर में कार पार्किंग तथा परिधि गृह के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र की पेयजल योजनाओं तथा सिंचाई योजनाओं को क्रमशः 6.67 करोड़ तथा 9.34 करोड़ रुपये स्वीकृत किए। इन योजनाओं को नाबार्ड से वित्तपोषित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संजय शर्मा के नाम से चौक का नामकरण किया जाएगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मोल खड्ड पर 4.47 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 30 मीटर लम्बे डबल लेन पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने क्षेत्र के लिए तीन टियूब बैल स्थापित करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने उन्धारू नाला तथा बरथारी खड्ड पर क्रमशः 4.94 करोड़ तथा 3.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित डबल लेन पुलों का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीद रवि कान्त, शहीद संजय शर्मा तथा शहीद राकेश कुमार के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया।
पूर्व मुख्यमंत्री शान्ता कुमार ने भी इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप हिमानी चामुण्डा रज्जू मार्ग का कार्य शीघ्र आरम्भ हो सकेगा।
राज्य महिला मोर्चा की अध्यक्ष सुश्री इन्दु गोस्वामी ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से पालमपुर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने का आग्रह किया।
जिला भाजपा अध्यक्ष विनय शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र की विभिन्न विकासात्मक मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने मुख्यमंत्री का तीन पुलों के लोकार्पण तथा पालमपुर के लिए जलापूर्ति योजना की आधारशिला रखने के लिए आभार व्यक्त किया। इस योजना से क्षेत्र की 16 पंचायतें लाभान्वित होगी।
भाजपा मण्डल अध्यक्ष शिव सोनी ने मुख्यमंत्री तथा अन्य गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री किशन कपूर, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला, विधायक राकेश पठानिया, रविन्द्र धीमान, अरूण मैहरा तथा मुल्क राज प्रेमी, पूर्व विधायक दूलो राम, कांगड़ा केन्द्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष डॉ. राजीव भारद्वाज, कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अशोक सरियाल, उपायुक्त कांगड़ा संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक सन्तोष पटियाल व अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *