• Mon. Jul 6th, 2026

शिवरात्रि महोत्सव को पर्यटन से जोड़ने के भी हरसंभव प्रयास किये जायेंगे : ऋग्वेद ठाकुर

Byjanadmin

Dec 6, 2018

अंतर्राष्टीय शिवरात्रि महोत्सव-2019 के आयोजन से संबंधित बैठक

जनवक्ता ब्यूरो, मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2019 का आयोजन 4 मार्च से 11 मार्च तक मंडी शहर के पड्डल मैदान में किया जायेगा । यह जानकारी उपायुक्त ऋग्वेद ठाकुर ने आज शिवरात्रि महोत्सव के आयोजन से संबंधित समिति की उपायुक्त कार्यालय सभागार में आम सभा की आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी । बैठक में वर्ष-2018 में आयोजित शिवरात्रि महोत्सव में हुए आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया । बैठक के दौरान ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव-2018 के लिए लगभग 2 करोड़ 81 लाख रूपये आय के रूप में प्राप्त हुए तथा विभिन्न गतिविधियों पर लगभग 2 करोड़ 86 लाख रूपये व्यय किए गए । उन्होंने बताया कि 2019 में आयोजित किए जाने वाले शिवरात्रि महोत्सव की पहली जलेब 5 मार्च, दूसरी जलेब 8 मार्च तथा अंतिम जलेब 11 मार्च, 2019 को निकाली जोयगी । उन्होंने बताया कि मेले के लिए जिला के देवी-देवताओं को आमंत्रित किया जायेगा तथा उनके साथ आए देवलुओं के ठहरने की उचित व्यवस्था की जायेगी । उन्होंने बताया कि मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा, जिसमें राज्य सहित राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कलाकारों को आमंत्रित किया जायेगा । उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता प्रदान की जायेगी । उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जायेगा । उन्होंने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव से संबंधित स्मारिका प्रकाशित की जायेगी । उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे स्मारिका के लिए लेख इत्यादि प्रस्तुत करें ।उन्होंने बताया कि मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जायेगी ताकि सरकार द्वारा विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी लोगों को प्रदान की जा सके । उन्होंने बताया कि मेला मैदान में सफाई की विशेष व्यवस्था की जायेगी । कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फैले, इसके लिए समुचित मात्रा में कूडादान स्थापित किए जायेंगे। उन्होंने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव को पर्यटन से जोड़ने के भी हरसंभव प्रयास किये जायेंगे । उन्होंने बताया कि इसके लिए योजना बनाकर व्यापक प्रचार किया जायेगा ताकि देश के पर्यटकों सहित विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित किया जा सके । उन्होंने कहा कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने का भी उचित ध्यान रखा जायेगा । उन्होंने लोगों से आहवान किया कि वे मेले के आयोजन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें । उन्होंने लोगों से अपने नवीन विचार भी प्रशासन के ध्यान में लाने को कहा ताकि मेले को अधिक आकर्षक तथा सुनियोजित तरीके से मनाया जा सके ।बैठक में नगर परिषद की अध्यक्षा सुमन ठाकुर, पार्षदगण, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार, सहायक आयुक्त राज ठाकुर सहित सरकारी तथा गैर-सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *