• Thu. May 7th, 2026

प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 5002 गर्भवती महिलाओं को किया लाभान्वित- विवेक भाटिया

Byjanadmin

Dec 6, 2018


जनवक्ता डेस्क बिलासपुर
प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना के तहत जिला बिलासपुर में कार्यरत 1111 आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से 6830 गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण किया गया जिसके अन्तर्गत 1 करोड़ 61 लाख 54 हजार रूपए व्यय कर 5002 गर्भवती महिलाओं को लाभान्वित किया गया। जिसके जिला बिलासपुर को प्रदेश व राष्ट्र स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। यह जानकारी उपायुक्त विवेक भाटिया ने जिला परिषद भवन में आयोजित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर अभिविन्यास कार्यशाला में सम्बोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान महिलाओं तथा अपने बच्चे के स्वास्थ्य की के पोषण के लिए 5 हजार रूपए की सहायता तीन किस्तों में प्रदान करने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम किस्त 1 हजार रूपए गर्भधारण का पंजीकरण करवाने पर तथा दूसरी किस्त 2 हजार रूपए गर्भधारण के 6 माह के उपरांत तथा तीसरी किस्त 2 हजार रूपए बच्चे ने बीसीजी,ओपीवी,डीपीटी तथा हैप्टाइटिस बी अथवा टीका करण का प्रथम चरण पूरा होने पर प्रदान की जाती है।
उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से आहवान किया कि वे अपने -अपने अधीनस्थ क्षेत्रों में घर-धर जाकर महिलाओं तथा शिशुओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं व कार्यक्रमों की जानकारी दें तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी डियूटी का दायित्व निभाते हुए हर परिवार की माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य का ध्यान रखें तथा उनका समय पर टीकाकरण करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समाज में बेटा-बेटी में भेदभाव की धारणा को बदलने के लिए आमजन एकजुट होकर आगे आए । उन्होंने कहा कि वर्तमान में यह आवश्यक है कि महिलाएं पुरानी धारणाओं को बदलकर नई सोच को अपनाकर बेटा-बेटी एकसमान की भावना को प्रबल करें। उन्होंने कहा कि यह सुखद आश्चर्य है कि प्रत्येक क्षेत्र में बेटिया अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर अपनी श्रेष्ठता को सिद्ध कर रही है।
उन्होंने कहा कि माह के प्रथम शुक्रवार को आयोजित होने वाली मातृशिशु बैेठकों में सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अतिरिक्त क्षेत्र की अनुभवी व बुजुर्ग महिलाएं भी नवदम्पतियों, गर्भवती महिलाओं व परिवारजनों के साथ परामर्श कर उन्हें बेटियों के महत्व के बारे जागरूक करें। उन्होंने प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा कि सभी के अथक प्रयासों से जिला के लिंगानुपात में बढ़ौतरी हुई है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला का लिंगानुपात 1022 पहुंच गया है।
कार्यक्रम अधिकारी अंजुवाला ने ,सीडीपीओ नीलम टाडू, सीडीपीओ नरेन्द्र कुमार ने विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। एलडीएम केके जसवाल ने भी सुकन्या योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योती बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री स्वाबलम्बन योजना, मुख्यमंत्री युवा आजिविका योजना की विस्तृत जानकारी दी तथा योजनाओं का लाभ लेने के लिए आग्रह किया।
इस मौके पर उपायुक्त ने 8 बच्चियों को बेटी है अनमोल योजना के तहत 10-10 हजार रूपए की एफडी तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत 6 पात्र महिलाओं तथा 6 नवजन्मी बच्चियों को सम्मानित किया। बेहतरीन कार्य करने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एमओएच डा0 परविन्द्र सिंह, सीडीपीओ कौशल्या बंसल, समस्त सुपरवाईजर के अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकता्र भी उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *